रांची, जासं। राजधानी रांची में गुरूवार की सुबह सामान्य रूप से बादल छाए हुए हैं। शहर के बाहरी इलाकों में हल्का धूंध देखने को मिल रहा है। सात किमी की रफ्तार से उत्तर पूर्व से हल्की हवा चल रही है। इसके साथ ही, वर्तमान में शहर में आद्रता का स्तर 95 प्रतिशत तक है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में आज दिनभर हल्के से मध्यम दर्जे के बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही दिन में एक से दो बार हल्के दर्जे की बारिश दर्ज हो सकती है। वहीं आज राज्य में मानसून के सामान्य रहने की आशा है। राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी भाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
राज्य में पिछले कई दिनों से मानसून की स्थिति असामान्य चल रही है। राज्य के कई जिलों में एक जून से 9 सितंबर तक अतिवृष्टि रिकार्ड की गयी है। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश लोहरदगा में 44 प्रतिशत ज्यादा रिकार्ड किया गया है। जबकि राज्य के नौ जिलों में सामान्य के कम बारिश दर्ज की गयी है। राज्य में चतरा और गढ़वा में 28, गोड्डा में 21, गुमला में 39, खुंटी में 25, पाकुर में 27, सरायकेला-खरसावां में 23, सिमडेगा में 30 और पश्चिमी सिंहभूम में 26 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। इससे इन जिलों में वर्षा आधारित धान की खेती पर बड़ा असर पड़ा है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार राज्य में औसत बारिश सामान्य है। राज्य में एक जून से 9 सितंबर तक 892मिमी बारिश रिकार्ड की जानी चाहिए। जबकि राज्य में अभी तक 815मिमी बारिश दर्ज की गयी।
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून की स्थिति सामान्य रही। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश 31मिमी बारिश सरायकेला-खरसावां के नीमडीह में दर्ज किया गया। राज्य में सबसे ज्यादा उच्चतम तापमान देवघर में 34.6डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
रांची 29.6 23.0
जमशेदपुर 30.4 24.2
मेदिनीनगर 32.8 25.5