Jharkhand Weather Update: बादलों के कारण एक घंटे देर से दिखे भगवान सूर्य, व्रतियों को करनी पड़ी प्रतीक्षा
Jharkhand Weather Update मौसम विभाग के अनुसार मालदीप के आसपास एक चक्रवातीय क्षेत्र बना हुआ था। जो अब कम दवाब के क्षेत्र में बदल गया है। इसके एक टर्फ लाइन बिहार और झारखंड के उपर से भी निकल रहा है।
रांची, जासं। सुबह उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रतियों को प्रतीक्षा करनी पड़ी। देर शाम से ही रांची समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में बादल छाए रहे। व्रती अर्घ्य देने के लिए नियत समय पर पानी में खड़े हो गए। मगर बादल के कारण भगवान के दर्शन न होने से मौसम विभाग द्वारा दिए गए सूर्योदय के वक्त 6.07 मिनट पर अर्घ्य देना शुरू कर दिया। हालांकि लगभग 7.10 मिनट के बाद बादल छंटने से लोगों ने भगवान सूर्य के दर्शन किए।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह धुंध, कोहरा और बादल के कारण लोगों को ज्यादा ठंड का एहसास हुआ। वहीं लगभग 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही हवा ने ठिठुरन को बढ़ा दिया। सुबह का तापमान 18 डिग्री से नीचे चला गया था। मौसम विभाग के अनुसार मालदीव के आसपास चक्रवातीय क्षेत्र बना हुआ था, जो अब कम दवाब के क्षेत्र में बदल गया है। इसका एक टर्फ लाइन बिहार और झारखंड के ऊपर से भी निकल रहा है।
इस कारण मौसम में बदलाव आया है। इससे राज्य में ठंड के बढऩे की आशा है। अगले तीन दिनों में रात के तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कई जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकार्ड की गई।
राज्य में सबसे ज्यादा बारिश सरायकेला-खरसावां में 18 मिमी रिकार्ड की गई। वहीं आर्द्रता का स्तर 95 प्रतिशत तक बढ़ जाने के कारण धीरे-धीरे कोहरा और घना होगा। राज्य में जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री रिकार्ड किया गया।