Jharkhand Weather Update: रांची समेत झारखंड के इन जिलों में भारी बारिश, जानें अपने शहर का हाल
Jharkhand Weather Update राजधानी रांची में मौसम गुरुवार सुबह से ही बदल गया। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के ऊपर बना टर्फ झारखंड होते हुए दक्षिणी उत्तर प्रदेश तक बारिश ला रहा है।
रांची, जेएनएन । Jharkhand Weather Update कड़ाके की ठंड के बीच भारी बारिश से राजधानी रांची समेत समूचा झारखंड ठिठक गया है। गुरुवार अहले सुबह से ही यहां कई शहरों में भारी बारिश शुरू हो गई। सर्दी-कनकनी के चलते लोग देर तक घरों में दुबके रहे। घने कोहरे के कारण विजिवलिटी भी आम दिनों के मुकाबले बेहद कम है। रांची के अलावा कोडरमा, चतरा, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग आदि शहरों में भी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित है।
आज दिनभर रांची में छाए रहेंगे बादल
राजधानी में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। 31 जनवरी को आसमान साफ रहेगा, जबकि 01 फरवरी को सुबह में कोहरे की धुंध के बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि फिलहाल उत्तर-पूर्वी राजस्थान व आसपास के क्षेत्रों में समुद्रतल से ऊपर 2.1 किमी. क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर है। इसके अलावा साइक्लोनिक सर्कुलेशन के ऊपर बना टर्फ झारखंड होते हुए दक्षिणी उत्तर प्रदेश तक समुद्रतल से ऊपर 0.9 किमी. क्षेत्र में फैला हुआ है।
चतरा में रिमझिम बारिश के बाद कोहरे की परत चढ़ी
चतरा में ठंड से निजात मिलना फिलहाल संभव नहीं दिख रहा है। एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार की सुबह रिमझिम बरसात के बाद कोहरे की परत गाढी हो गई है। खराब मौसम के कारण सरस्वती पूजा का उत्साह थोड़ा फीका पड़ गया है। हालांकि उसके बाद भी स्कूली बच्चे पूजा की तैयारियों में जुटे हुए है। मौसम में आए बदलाव की वजह से तापमान में गिरावट आया है। अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट आई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस था। लेकिन दूसरे दिन यहां का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी पांच डिग्री का गिरावट आया है। न्यूनतम तापमान नौ डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। कोहरे की गाढ़ी होती परत से वाहनों के परिचालन पर भी असर पड़ रहा है। जन जीवन अस्त व्यस्त है।
कोहरे से लिपटा रहा बसंत पंचमी का सवेरा
कोडरमा जिले में गुरुवार को बसंत पंचमी का सवेरा कोहरे से लिपटा रहा। अहले सुबह से ही वातावरण में घना कोहरा छाया रहा, वहीं कोहरे के बीच सड़कों पर वाहनें हेडलाइट जला कर धीमी रफ्तार से चलती रही। सड़कों पर विजिबिलिटी 10 -15 मीटर तक ही सीमित हो गई थी। 7:00 बजे के बाद बारिश भी शुरू हो गई, जिससे सरस्वती पूजा में परेशानी आ रही है। लेकिन मौसम के सितम के बावजूद बच्चों के उत्साह में कोई कमी नहीं है।
बच्चे अहले सुबह से ही पूजा पंडालों में तैयारी मैं लगे हैं। साथ ही डीजे में बज रहे फिल्मी गानों की धुन पर थिरकते नजर आ रहे हैं। स्कूलों मोहल्ले के क्लबों मैं भी पूजा को लेकर चहल पहल बढ़ गई है। शहर के विभिन्न टोलों मुहल्लों में सैकड़ों स्थानों पर प्रतिमा स्थापित कर मां सरस्वती की पूजा की जा रही है। इधर, कोहरे के कारण ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अधिकतर यात्री ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही है। वहीं झुमरी तिलैया में दो दिवसीय बसंत महोत्सव की तैयारी को लेकर धूम है।