बारिश के कारण फिर लौटी हाड़ कंपाने वाली ठंड, कोहरे की चादर में लिपटा चतरा
Chatra News बारिश के बीच कोहरे की परत गाढी है। शीतलहर और कोहरे के कारण साग-सब्जियों के साथ-साथ रबी फसलों का व्यापक नुकसान हो रहा है। आलू टमाटर मटर एवं दूसरे अन्य फसलों की उत्पादकता प्रभावित होने की संभावना से इंकार नहीं कर सकते हैं।
चतरा, जागरण संवाददाता। हाड़तोड़ ठंड से फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है। बल्कि कपकपाती सर्दी और बढने वाली है। शनिवार की शाम से झमाझम बारिश हो रही है। यह क्रम रविवार को भी जारी है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि ओलावृष्टि भी होगी। माघ में सावन जैसा नजारा है। बेमौसम हो रही बरसात से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त है।
कोहरे की चादर से लिपटा चतरा
बारिश के बीच कोहरे की परत गाढी है। शीतलहर और कोहरे के कारण साग-सब्जियों के साथ-साथ रबी फसलों का व्यापक नुकसान हो रहा है। आलू, टमाटर, मटर एवं दूसरे अन्य फसलों की उत्पादकता प्रभावित होने की संभावना से इंकार नहीं कर सकते हैं। बारिश थमने के बाद ठंड और बढ़ेगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम के जानकारों का कहना है कि न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकती है। वैसे रविवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इधर लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के विभिन्न सड़कों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। शहरी जलापूर्ति फेज-2 योजना को लेकर पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कें काटी गई है। इन सड़कों का जीर्णोद्धार नहीं कराया गया है। परिणामस्वरूप बारिश होने पर सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती है। ऐसे में राहगीरों को घोर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित
इधर बिजली आपूर्ति व्यवस्था शनिवार की रात से बाधित है। रात 9:00 बजे के बाद से अंधेरा छाया हुआ है। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अधिकारियों ने बताया कि चतरा-इटखोरी लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण बिजली आपूर्ति ठप है। व्यवस्था को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि वैसे 10:00 बजे पूर्वाहन से लेकर शाम को 5:00 बजे तक चतरा फीडर में काम होना है। जिसकी वजह से शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था सात घंटों के लिए रहेगी।