विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jharkhand Weather Update: झारखंड में आज से मिलेगी गर्मी से राहत, रांची में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा, अगले 5 दिनों तक होगी बारिश

Published: Thu, 28 May 2026 08:01 AM (IST)

झारखंड और रांची में गुरुवार से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, जहां अगले पांच दिनों तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

प्रतीकात्मक तस्वीर (AI Generated Image)

प्रतीकात्मक तस्वीर (AI Generated Image)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में गुरुवार से गर्मी से राहत मिलने वाली है। अगले 5 दिनों तक मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है। मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 28 मई से 31 मई तक राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश जिलों में गरज के साथ तेज हवा चल सकती है। 29 मई को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

वहीं 30 मई से 2 जून तक कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका व्यक्त की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसानों और आम नागरिकों को लगातार मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

रांची में तापमान में आएगी गिरावट

राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों के दौरान गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

27 मई को रांची का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो 30 और 31 मई तक घटकर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

डालटनगंज सबसे गर्म, खूंटी में सबसे अधिक बारिश

मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी दैनिक संध्या मौसम बुलेटिन के अनुसार बुधवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान डालटनगंज में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पलामू प्रमंडल में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे।

वहीं रांची में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जमशेदपुर में 36.8 डिग्री, बोकारो में 36.2 डिग्री और चाईबासा में 38.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। गुमला में 40.3 डिग्री और लोहरदगा में 39.9 डिग्री तापमान रिकार्ड हुआ।

खूंटी में 28 मिली मीटर हुई बारिश

बुधवार को बारिश की बात करें तो खूंटी में सबसे अधिक 28 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा चाईबासा में 16.6 मिमी और बोकारो में 15.8 मिमी बारिश हुई। हालांकि अधिकांश जिलों में बारिश नहीं होने से लोगों को उमस और गर्मी से खास राहत नहीं मिल सकी।