Jharkhand Weather Update: झारखंड के कई इलाकों में झमाझम बारिश, अगले दो दिनों तक सक्रिय रहेगा मानसून
Jharkhand Weather Update विभाग के अनुसार पूर्वी सिंहभूम पश्चिमी सिंहभूम सिमडेगा सरायकेला-खरसावां पलामू गढ़वा चतरा कोडरमा में भारी बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है।
रांची, जासं। Jharkhand Weather Update बुधवार को आधी रात के बाद से रांची समेत पूरे राज्य में एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो गया है। गुरुवार सुबह से ही पूरे राज्य में जगह-जगह लगातार बारिश हो रही है। रांची, धनबाद और कई इलाकों में झमाझम बारिश से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रांची समेत आसपास के इलाके में हो रही बारिश से आमलोगों को रोजमर्रा के काम के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही तेज हवा और बारिश से शहर में बिजली व्यवस्था भी ठप हो गयी है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले दो दिनों तक बारिश होती रहेगी।
रांची के मोरहाबादी, एदलहातू एरिया, हरमू, रातू रोड, खेल गांव, बूटी मोड़ इलाके में आधी रात से बिजली की आंख मिचौली जारी है। उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के चक्रवाती क्षेत्र के कारण गुरुवार को राज्य के लगभग हर जिले में बारिश शुरू हो चुकी है। इससे देखते हुए मौसम विभाग के द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, और रामगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वज्रपात होने की संभावना है।
मौसम विभाग के द्वारा जारी स्पेशल बुलेटिन में बताया गया है कि राज्य में तेज बारिश के कारण निचले हिस्से में पानी भरने और नदियों के जल स्तर में इजाफा हो सकता है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ कुछ जगहों पर वज्रपात भी होने की संभावना है। किसानों को खेत में नहीं जाने की सलाह दी गयी है। लोगों को बहुत जरूरी नहीं होने पर घर से बाहर नहीं जाने, वर्षा और मेघ गर्जन के दौरान पेड़ के नीचे नहीं छिपने की सलाह भी दी गयी है।
यदि कहीं बारिश में घिर जाएं, तो सुरक्षित जगह शरण ले लें। बुधवार से गुरुवार दोपहर तक राज्य में सबसे ज्यादा बारिश रांची में 71.6 मिमी बारिश हुई। वहीं हजारीबाग में 30 मिमी, रामगढ़ बीडीओ में 20 मिमी, जामताड़ा और घाटशिला आदि इलाके में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची का 22.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।