Lok Sabha Polls 2019: झाविमो बोला, मुख्य सचिव, डीजीपी और एडीजी को चुनाव कार्य से हटाएं
Lok Sabha Polls 2019. झाविमो के महासचिव बंधु तिर्की ने झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मिलकर गंभीर आरोपों वाले अधिकारियों को हटाने की मांग की।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड विकास मोर्चा ने निष्पक्ष चुनाव के लिए मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, डीजीपी डीके पांडेय तथा एडीजीपी अनुराग गुप्ता को चुनाव कार्य से हटाने की मांग की। इसे लेकर पार्टी के महासचिव बंधु तिर्की के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांगते से मिला। पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्य सचिव को अवधि विस्तार दिया है जबकि अन्य दो पदाधिकारियों पर कई गंभीर आरोप हैं।
पार्टी के अनुसार डीजीपी डीके पांडेय बकोरिया कांड में आरोपित हैं जबकि एडीजीपी पर राज्यसभा चुनाव में पद का दुरुपयोग करने का आरोप है। राजनीतिक दलों की बैठक में कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव रंजन ने डीजीपी तथा धनबाद एसपी का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि डीजीपी कई बार भाजपा के पक्ष में बोल चुके हैं और उनकी चुनाव लडऩे की भी चर्चा है। वहीं कांग्रेस ने धनबाद के एसएसपी किशोर कौशल का गिरिडीह गृह क्षेत्र होने का मामला उठाया। इसपर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मनीष रंजन ने स्पष्ट किया कि धनबाद एसएसपी के बारे में उन्होंने जांच कराई थी। उनका पैतृक घर गिरिडीह नहीं कोडरमा है।