झारखंड में 306 विशेषज्ञ डॉक्टरों की बंपर भर्ती, 8 से 31 अक्टूबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
झारखंड स्वास्थ्य विभाग ने 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती का निर्णय लिया है, जिनमें 200 नॉन-टीचिंग और 106 राष्ट्रीय स्वास्थ्य ...और पढ़ें

बहाली के लिए 8 से 31 अक्टूबर तक करना होगा आनलाइन आवेदन।
HighLights
झारखंड में 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति का फैसला।
8 से 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में बड़े पैमानी पर डॉक्टर्स की भर्ती होनी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति का फैसला लिया गया है। 200 नान टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल अफसर और 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल अफसर के पद पर नियुक्ति की जानी है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की वेबसाइट पर इसके लिए 8 से 31 अक्टूबर आवेदन जमा करना होगा। नान टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल अफसर की बहाली अनुबंध के आधार पर होगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में की जाएगी।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा नियुक्ति के लिए निर्गत विज्ञापन में नान टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल अफसर के 200 पद के लिए एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, फॉरेंसिक साइंस, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी, मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी जैसी विशेषज्ञता रखने वाले को नियुक्ति में अवसर दिया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल अफसर के पद पर एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी विशेषज्ञता के चिकित्सकों का चयन किया जाएगा।
निर्धारित ऑनलाइन भर्ती पोर्टल के माध्यम से दिए गए आवेदन को ही स्वीकार किया जाएगा। आवेदक को एमबीबीएस की डिग्री के साथ संबंधित विशेषज्ञता में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री अथवा डिप्लोमा का प्रमाणपत्र भी देना होगा।
एनएमसी से मान्यता प्राप्त संस्थान की ही पोस्ट ग्रेजुएट की डिग्री की ही स्वीकार्यता होगी। संबंधित मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण भी अनिवार्य किया गया है। नियुक्ति के लिए आयु की गणना के लिए कट ऑफ तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदक की न्यूनतम उम्र 23 और अधिकतम 64 वर्ष निर्धारित है।
इच्छुक अभ्यर्थी झारखंड रूरल हेल्थ मिशन सोसाइटी की वेबसाइट www.jrhms.jharkhand.gov.in तथा भर्ती पोर्टल www.recruitment.jharkhand.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की आवश्यकता है। इसलिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। नियुक्ति प्रक्रिया आनलाइन होगी।बहाली के बाद झारखंड में आवश्यकता के मुताबिक पदस्थापन किया जाएगा।
-अजय कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग
