Durga Puja 2019: शिक्षकों ने दुर्गा पूजा से पहले मांगा सितंबर का वेतन Ranchi News
माह के अंत में दुर्गोत्सव शुरू होने के कारण राज्य कर्मियों को पूजा पूर्व की तैयारियों में परेशानी हो सकती है। इसलिए राज्य कर्मियों को 25 सितंबर से वेतन भुगतान शुरू होना चाहिए।
रांची, राज्य ब्यूरो। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों का सितंबर माह का वेतन दुर्गा पूजा से पूर्व जारी करने की मांग की है। इसे लेकर संघ ने योजना सह वित्त विभाग को अनुरोध पत्र सौंपा है। इसमें कहा गया है कि 29 सितंबर से नवरात्र शुरू हो रहा है। माह के अंत में दुर्गोत्सव शुरू होने के कारण राज्य कर्मियों को पूजा पूर्व की तैयारियों में परेशानी हो सकती है। इसलिए राज्य कर्मियों को 25 सितंबर से वेतन भुगतान शुरू होना चाहिए।
25 के बाद उग्र होगा उप निरीक्षकों का आंदोलन
अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर राजस्व उप निरीक्षक संघ 25 सितंबर के बाद आंदोलन को और उग्र करेगा। 25 को प्रस्तावित झारखंड राज्य राजस्व उप निरीक्षक संघ की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में आंदोलन की रूपरेखा तय होगी। संघ के महामंत्री दुर्गेश मुंडा ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी जायज मांगों को पूरा करने के बजाय उन्हें चेतावनी दे रही है। संघ उन्हीं मांगों की दुहाई दे रहा है, जिसे सरकार ने समझौता वार्ता में स्वयं पूरा करने का निर्देश दे रखा है, परंतु स्थिति आज भी यथावत बनी है। बहरहाल 19 दिनों से जारी उप निरीक्षकों की बेमियादी हड़ताल की वजह से जाति, आवासीय, आय प्रमाणपत्र के अलावा राजस्व से जुड़े कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ा है।