Jharkhand Teacher JOB: प्राथमिक शिक्षकों से पहले अपग्रेड हाई स्कूलों में प्रधानाध्यापकों की हो सकती है नियुक्ति
Jharkhand Teacher JOB Teacher Recruitment झारखंड में लंबे समय से 668 प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया लटकी है। जेपीएससी ने आवेदन मंगाने के बाद नियुक्ति रद कर दी थी। नियुक्ति नियमावली में कुछ त्रुटि के कारण विभाग ने अनुशंसा वापस मंगा ली थी।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में बड़ी संख्या में प्राथमिक शिक्षकों की होने वाली नियुक्ति से पहले राज्य के अपग्रेड हाई स्कूलों में प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति हो सकती है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग इसकी तैयारी कर रहा है। झारखंड लोक सेवा आयोग को दोबारा नियुक्ति की अनुशंसा भेजी जाएगी। हालांकि इससे पहले नियुक्ति से संबंधित नियमावली में आंशिक बदलाव किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बता दें कि राज्य के अपग्रेडेड हाई स्कूलों में प्रधानाध्यापकों के 668 पदों पर होने वाली नियुक्ति लंबे समय से लटकी हुई है। झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आवेदन मंगाने के लगभग दो साल बाद नियुक्ति प्रक्रिया रद कर दी गई थी। दरअसल, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने जेपीएससी को सितंबर 2016 में ही प्रधानाध्यापकों के 668 (कुल रिक्ति के 50 फीसद पद) पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा भेजी थी।
आयोग ने जुलाई 2017 में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करते हुए आवेदन मंगाए, लेकिन दो साल तक नियुक्ति परीक्षा नहीं हो सकी। अंत में जेपीएससी ने अक्टूबर 2019 में अपरिहार्य कारण बताते हुए इस परीक्षा को रद कर दिया। इससे पहले, नियुक्ति नियमावली में कुछ त्रुटि के कारण विभाग ने अनुशंसा वापस मंगा ली थी। बता दें कि शेष 668 पद प्रोन्नति से भरे जाने हैं, लेकिन ये पद भी नहीं भरे जा सके हैं।