JSCA AGM: झारखंड राज्य क्रिकेट संघ की वार्षिक आमसभा 31 OCT को जमशेदपुर में; जानें क्या है तैयारी
Jharkhand State Cricket Association झारखंड राज्य क्रिकेट संघ की वार्षिक आमसभा में भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को जेएससीए का आजीवन सदस्य बनाए जाने पर मुहर लगेगी।
रांची, जेएनएन। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) की वार्षिक आम सभा (एजीएम) 31 अक्टूबर, गुरुवार को बंगाल क्लब, साकची जमशेदपुर में होगी। बैठक में जेएससीए के इतिहास में संभवत: ये पहली बार होगा कि पूर्ववर्ती कमेटी का हिसाब-किताब नई कमेटी करेगी। अप्रैल 2018 से लेकर मार्च 2019 तक का खर्च कुलदीप सिंह की अध्यक्षता वाली मैनेजमेंट कमेटी ने किया लेकिन हिसाब नई कमेटी पेश करेगी।
इस बैठक में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को जेएससीए का आजीवन सदस्य बनाए जाने पर मुहर भी लगेगी। पता हो कि नई मैनेजमेंट कमेटी की पहली बैठक में ही धौनी को मानद सदस्य की बजाय आजीवन सदस्य बनाने का फैसला लिया गया था। नवनिर्वाचित सचिव संजय सहाय के हस्ताक्षर से जारी पत्र के अनुसार 29 जुलाई 2018 के एजीएम व 23 सितंबर 2018 के एसजीएम में लिए गए फैसलों पर मुहर भी लगनी है।
14 साल बाद जेएससीए का एजीएम जमशेदपुर में
इसे वनवास के बाद वापसी कह सकते हैैं। ठीक 14 साल बाद जमशेदपुर में झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) की वार्षिक आम बैठक होने जा रही है। 31 अक्टूबर (गुरुवार) को शाम 5:30 बजे बैठक का आयोजन किया गया है। लौहनगरी में इससे पहले वार्षिक आम बैठक (एजीएम) का आयोजन 2005 में किया गया था। गौरतलब है कि वर्ष 2019 में जमशेदपुर के डॉ. नफीस अख्तर जेएससीए के अध्यक्ष बने हैैं।