विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में समग्र शिक्षा अभियान के 105 पदों पर फिर से नियुक्ति, 56 स्कूल मैनेजरों की भी भर्ती

Published: Tue, 13 Oct 2026 07:45 PM (IST)

समग्र शिक्षा अभियान में रद्द किए गए विज्ञापनों के विरुद्ध 105 पदों पर दोबारा नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है, ...और पढ़ें

कनीय अभियंता, लेखा पदाधिकारी, सहायक कार्यक्रम प्रबंधक आदि के पदों पर होगी नियुक्ति।

कनीय अभियंता, लेखा पदाधिकारी, सहायक कार्यक्रम प्रबंधक आदि के पदों पर होगी नियुक्ति।

राज्य ब्यूरो, रांची। समग्र शिक्षा अभियान में उन विज्ञापनों के विरुद्ध दोबारा नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है, जो हाल ही में तकनीकी कारणों से रद कर दिए गए थे। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने नए सिरे से विज्ञापन प्रकाशित कर विभिन्न श्रेणी के 105 पदों के लिए 31 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिन पदों के विरुद्ध नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है, उनमें कनीय अभियंता, लेखा पदाधिाकरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, सहायक कार्यक्रम प्रबंधक आदि प्रमुख हैं।

इस बार नियुक्ति से संबंधित कई शर्तों में बदलाव किया गया है। जैसे, नियुक्ति में समग्र शिक्षा अभियान, पूर्व में संचालित सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान, महिला समाख्या में कार्य करने के अनुभव रखनेवाले कर्मियों को आयु सीमा में 10 वर्ष तथा शैक्षणिक योग्यता में निर्धारित अंकों में पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

नियुक्ति लिखित परीक्षा, साक्षात्कार, अकादमिक अंकों तथा अनुभव के आधार पर होगी। सभी के लिए अलग-अलग कुल 200 अंक निर्धारित किए गए हैं। बताते चलें कि परिषद ने वर्ष 2023 में छह तथा वर्ष 2024 में दो विज्ञापनों के माध्यम से इन पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करते हुए आवेदन मंगाए थे। परीक्षा भी आयोजित की जा चुकी थी।

बाद में विज्ञापन में त्रुटियों का आधार बनाते हुए सभी आठ विज्ञापनों को रद कर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया था। अब नए सिरे से प्रकाशित विज्ञापन में कहा गया है कि पूर्व के विज्ञापनों के आधार पर आवेदन दे चुके अभ्यर्थियों को भी आवेदन करना होगा। हालांकि उन्हें परीक्षा शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा।

इन पदों के विरुद्ध होगी नियुक्ति

स्टेट प्रोग्राम मैनेजर (एचआर, मीडिया, डिजिटल एंड आइसीटी, रेसिडेंशियल स्कूल एंड आउट आफ स्कूल) : 05, जिला कार्यक्रम प्रबंधक : 05, सहायक कार्यक्रम प्रबंधक : 30, एक्सपर्ट ईएमआइएस : 01, असिस्टेंट कंप्यूटर प्रोग्रामर : 14, वित्त नियंत्रक : 01, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी : 01, लेखा पदाधिकारी : 16, आडिटर : 01 तथा कनीय अभियंता : 32

अंकों का निर्धारण (अधिकतम अंक)

लिखित परीक्षा : 100 अंक, तकनीकी दक्षता : 20 अंक, साक्षात्कार : 20, शैक्षणिक योग्यता : 50, कार्यानुभव : 10, कुल : 200

स्कूल मैनेजर के 56 पदों पर बहाल होंगे रिटायर प्राचार्य, उप प्राचार्य

परिषद ने राज्य में संचालित 80 सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस के लिए भी स्कूल मैनेजर के 56 पदों पर नियुक्ति के लिए 21 अक्टूबर तक आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों पर सीबीएसई या आइसीएसई से संबद्ध स्कूलाें, केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों से सेवानिवृत्त प्राचार्य, उप प्राचार्य या कार्यरत स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति होगी।

नियुक्ति के लिए अधिकतम आयु 60 वर्ष निर्धारित की गई है। नियुक्त स्कूल मैनेजर को प्रतिमाह 60 हजार रुपये मानदेय के रूप में देय होंगे। जिन पदों पर नियुक्ति होगी, उनमें अनारक्षित श्रेणी के लिए 13, एसटी के लिए 19, एससी के लिए आठ, बीसी वन के लिए छह, बीसी-टू के लिए तीन तथा आर्थिक रूप से कमजोर के लिए सात पद निर्धारित हैं।