छठ मनाने अहले सुबह जा रहे स्कूटी सवार को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, मौत Ranchi News
Jharkhand Road Accident दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पीसीआर ने घायल को रिम्स पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान डोरंडा मेकोन के रहने वाले विद्यानंद महतो के रूप में हुई है।
रांची, जासं। Jharkhand Road Accident छठ महापर्व के चाैथे दिन प्रात:कालीन अर्घ्य के पूर्व रांची में एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह अहले सुबह अपने घर से दूसरे रिश्तेदार के घर छठ पर्व मनाने जा रहे थे। हादसा रांची के कोकर चौक में हुआ। घटना करीब सुबह पांच बजे की है। स्कूटी से जा रहे व्यक्ति को उसी दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। इसके बाद स्कूटी सवार दूर जा गिरा।
घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार भी मौके पर गाड़ी छोड़ फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर व सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को रिम्स पहुंचाया। रिम्स के इमरजेंसी में पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उक्त व्यक्ति की पहचान मेकोन डोरंडा निवासी विद्यानंद महतो के रूप में हुई है।
इधर, पीसीआर के अधिकारी के अनुसार, घटना करीब 4:45 बजे की है। व्यक्ति की उम्र 45 वर्ष के करीब है। वह कोकर चौक में स्कूटी रोक कर खड़ा हुआ था। जैसे ही वह स्कूटी से उतरा, वैसे ही एक स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद स्कूटी सवार की सांसें चल रही थी। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे रिम्स लाया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो चुकी थी। रिम्स लाने के बाद पुलिसकर्मियों ने मृतक से मोबाइल से उसके घर सूचना दी। इसके बाद उसके परिजन भी रिम्स पहुंच गए।
छठ मानने दूसरे के घर जा रहे थे
मौत की सूचना मिलते ही विद्यानंद महतो के परिजन रिम्स पहुंच गए। मृतक के बेटे ने बताया कि उसके पापा छठ के लिए एक घर से निकलकर दूसरे के घर जा रहे थे। इसी बीच यह हादसा हुआ। करीब 4:15 बजे वे अपने मेकोन डोरंडा स्थिति आवास से निकलकर बीआइटी स्थित घर जा रहे थे। यहां पूरा परिवार छठ मना रहा था। सुबह के अर्घ्य में शामिल होने के लिए उन्होंने रात में ही इच्छा जताई थी। बच्चों से बातचीत के दौरान उन्होंने 5:30 बजे तक सीधे छठ घाट पहुंचने की बात कही थी। इधर, रिम्स में पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।