35 दिनों से हड़ताल पर डटे राजस्व उपनिरीक्षकों की चेतावनी, मुख्यमंत्री आवास के समक्ष करेंगे आत्मदाह
उप निरीक्षकों ने तीन दिनों के अंदर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की है। ऐसा नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर पिछले 35 दिनों से बेमियादी हड़ताल पर डटे राजस्व उप निरीक्षकों का जत्था मुख्यमंत्री आवास के समक्ष आत्मदाह करने की तैयारी में हैं। झारखंड राज्य राजस्व उप निरीक्षक संघ के बैनर तले आंदोलनरत उप निरीक्षकों ने तीन दिनों के अंदर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की है। ऐसा नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
संघ के महामंत्री दुर्गेश मुंडा ने यह जानकारी दी है। संघ की मुख्य मांगों में 2400 का ग्रेड पे, राजस्व प्रोटेक्शन एक्ट को प्रभावी बनाना व हलका इकाई का पुनर्गठन आदि शामिल है। इधर, हड़ताल की वजह से आय, जाति, आवासीय प्रमाणपत्रों के अलावा राजस्व से जुड़े अन्य कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।