विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Religious Conversion: 'सरना और सनातन एक ही मां के पुत्र, सभी को उठाना होगा मतांतरण रोकने का बीड़ा'

By Sanjay Kumar SumanEdited By: Ashish Pandey
Published: Thu, 12 Jan 2023 01:41 PM (IST)

Jharkhand Religious Conversion ईसाई मिशनरियों के गढ़ खूंटी में हिंदू जागरण मंच की ओर से आयोजित सरना सनातन महासम्मेलन में ...और पढ़ें

खूंटी जिला के रनिया प्रखंड में हिंदू जागरण मंच की ओर से आयोजित सरना सनातन महासम्मेलन, फोटो- जागरण
खूंटी जिला के रनिया प्रखंड में हिंदू जागरण मंच की ओर से आयोजित सरना सनातन महासम्मेलन, फोटो- जागरण

संजय कुमार, रांची: हिंदू जागरण मंच के क्षेत्र संगठन मंत्री और आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक सुमन कुमार ने कहा है कि लोभ और धोखा देकर कराया जा रहा मतांतरण महापाप है। इसे रोकना होगा। साथ ही जो लोग इस अवैध काम में लगे हैं उन्हें कड़ी सजा दिलानी होगी। अवैध मतांतरण को रोकने की जिम्मेदारी हम सभी की है। इसके लिए पूरे समाज को आगे आना चाहिए। हमारी निष्क्रियता के कारण हमारे भाई-बहन मतांतरित हो रहे हैं। इसके लिए ऊंच-नीच का भेद समाप्त कर हमें समरस समाज की स्थापना करनी है।

सुमन कुमार बुधवार को खूंटी जिला के रनिया प्रखंड मुख्यालय में हिंदू जागरण मंच की ओर से आयोजित सरना सनातन महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। ईसाई मिशनरियों को ललकारते हुए उन्होंने कहा कि भारत में रहना है तो भारतीय संस्कृति, रीति-रिवाज धर्म त्योहार और पऱंपरा को मानें। यहां विदेशी संस्कृति थोपने में कुछ शक्तियां लगी हैं, जिनसे सावधान रहने की जरूरत है। बता दें कि रनिया समेत खूंटी जिले के बड़े इलाके में व्यापक पैमाने पर आदिवासियों का अवैध मतांतरण हुआ है। इस मौके पर लगभग 100 पाहनों को सम्मानित किया गया।

डा. सुमन ने कहा कि भेदभाव रहित समाज का निर्माण ही हमारा संकल्प है। सामाजिक जागरण के बिना राष्ट्र की उन्नति नहीं हो सकती। व्यक्ति से समाज और समाज से राष्ट्र का निर्माण होता है। जब तक समाज में भेदभाव रहेगा राष्ट्र अपने सर्वोच्च शिखर को नहीं छू सकता। कार्यकर्ता के माध्यम से हम व्यक्ति के निर्माण का कार्य करते हैं। व्यक्ति जब तक चरित्रवान नहीं होगा, तब तक राष्ट्र की छवि उज्ज्वल नहीं हो सकती। वर्तमान दौर में मातृभूमि की रक्षा हमारी प्राथमिकता है। सरना सनातन एक ही मां के दो पुत्र हैं। सरना समाज को हम कभी अपने से अलग नहीं मानते हैं। भोले भाले जनजातीय सरना समाज के अस्तित्त्व को मिटाने के लिए मतांतरण का पाप किया जा रहा है। समाज से ये अपील करते हैं कि, मतांतरण के खिलाफ हम सभी मिलकर बिगुल फूंकें। हम किसी भी सूरत में मतांतरण नहीं होने देंगे।

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद हमेशा मतांतरण के खिलाफ रहे और कहा कि देश में चादर और फादर धर्मांतरण का बड़ा षड्यंत्र चला रहे हैं। हमें सरना और सनातन धर्म के लोगों को एकजुट होकर उनके मंसूबों पर पानी फेरना है।। सरना और सनातनी धर्म के लोगों को धर्म की रक्षा के लिए एकजुट होकर मतांतरण कराने वाले लोगों के विरुद्ध एक हाथ में माला तो दूसरे हाथ में भाला लेने की आवश्यकता है। कहा कि यह देश वीर खुदीराम, बिरसा मुंडा,चांद भैरव का है। गौरी के बाप और औरंगजेब का नहीं।

भगवान बिरसा मुंडा की तरह फिर करना होगा उल्गुलान: कोचे मुंडा

सरना-सनातन महासम्मेलन में लोगों को ललकारते हुए तोरपा विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की तरह फिर से गांव-गांव में उल्गुलान करना होगा। संस्कृति को बचाना है तो बिरसा मुंडा लोगों को बनना होगा। वह समय आ गया है कि ईसाई मिशनरियों को यहां से जाना ही होगा। अब तब सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट भी कह रहा है कि मतांतरण देश के लिए खतरा है। इसे रोकने के लिए समाज को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी पुरानी परंपरा और संस्कृति में जो ताकत है वह किसी में नहीं है। कोचे मुंडा ने कहा कि ईसाई मिशनरियां अभियान छेड़कर अवैध मतांतरण में जुटी हैं। संगठित तरीके से इस षडयंत्र को अंजाम दिया जा रहा है। झारखंड में धर्म निषेध कानून का खुला उल्लंघन हो रहा है। जनजाति समाज के जो लोग अपनी परंपरा और रीति-रिवाज का पालन नहीं कर रहे हैं और मतांतरित होकर दूसरा धर्म अपना चुके हैं, उन्हें आरक्षण के लाभ से वंचित करने के लिए आवाज उठानी होगी।

इस मौके पर मुख्य रूप से सरना-सनातन एकता को मजबूत कर मतांतरण का हर स्तर पर विरोध करने का संकल्प हजारों लोगों ने लिया। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रखंड क्षेत्र के जाटीबाहा,पुरनापानी और बोगतेल से 12 किलोमीटर पैदल चलकर सैकडों सरना सनातनी महिला पुरुष व बच्चे हाथों में भगवा झंडा लिए जय श्रीराम के नारे और भजन-कीर्तन करते कार्यक्रम स्थल पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश परावर्तन प्रमुख संजय वर्मा ने किया। उन्होने कहा कि सात पंचायत के 65 गांवों में संपर्क किया गया। प्रत्येक घर से दो किलो चावल, 50 रुपये लिया गया। यहां पर किसी को पकड़ कर नहीं लाया गया। उन्होंने कहा कि जो लोग मतांतरित हो गए हैं उनका अधिकारी जनजाति का प्रमाणपत्र नहीं बनाएं। गिरिजाघर में जाने वाले आदिवासी नहीं हैं।

अवैध कारोबार चला रहे हैं मतांतरण में लगे लोग

हिंदू जागरण मंच झारखंड प्रदेश अध्यक्ष ॠषीनाथ शाहदेव ने कहा कि मतांतरण का अवैध कारोबार चला रहे लोगों के विरुद्ध हमें एकजुट होकर लड़ना होगा। सरना और सनातन एक थे, एक हैं और एक रहेंगे। देश की आजादी में सरना और सनातनी धर्म के लोगों ने बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया है। झारखंड प्रदेश युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम शर्मा ने कहा कि सरना सनातन एक मां के दो पुत्र हैं। प्रकृति की पूजा करने वाले सभी लोग सरना और सनातनी है। हिंदू जागरण मंच के प्रदेश महामंत्री वाणी कुमार राय ने कहा कि सरना और सनातन धर्म की रक्षा को लेकर हम सभी को सजक व सचे पहरेदार के रूप में कार्य करने की आवश्यकता है। समाज को तोड़ने को लेकर कई ताकतें निरंतर रूप से कार्य कर रही है। उसे हमें विफल करने की आवश्यकता है।

सरना सनातन समाज के केंद्रीय अध्यक्ष भीम सिंह मुंडा ने कहा कि सरना सनातन धर्म के लोगों को तोड़ने को लेकर कई ताकतें अपना कार्य कर रही है परंतु हमें धर्म की रक्षा को लेकर एकजुटता के साथ कार्य करने की जरूरत है। सरना सनातन महा सम्मेलन में मौजूद हजारों लोगों की मौजूदगी में हिंदू जागरण मंच का खूंटी जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह को घोषित किया गया।

मौके पर भाजपा के वयोवृद्ध नेता मुनीनाथ मिश्रा, जिला सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, मनोज सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला खंड कार्यवाह शशि पांडे, रणविजय सिंह, निखिल कंडुलना, नारायण साहू, जितेंद्र कश्यप, सुनील साहू, ज्योतिष भगत, बालमुकुंद कश्यप, जगरनाथ मुंडा, मानिक चंद साहू, आकाश राम, कमलेश दास, शंकर सिंह, पन्नालाल साहू, अनूप सिंह, सुरेश मिश्रा, कुलदीप मिश्रा, चंदन चौधरी, प्रदीप लोहरा,आशीष साहू सहित काफी संख्या में सरना सनातन धर्मावलंबी उपस्थित थे।