शादी का झांसा देकर युवती से 9 साल तक बनाए शारीरिक संबंध, गर्भवती होने पर किया इन्कार
Jharkhand Ranchi News आरोपित के घर पीड़िता पहुंची तो परिवार वालों ने मारपीट कर भगा दिया। पुलिस भी फरियाद नहीं सुन रही है। अब कोर्ट में सात आरोपित के खिलाफ कंप्लेंट किया।
रांची, जासं। राजधानी रांची के लोअर चुटिया की एक युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। इस मामले में आरोपित सहित उसके परिवार के सात सदस्यों के खिलाफ न्यायिक दंडाधिकारी कुमारी निकिता की अदालत में कोर्ट कंप्लेंट दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र के चुम्भा गांव निवासी ललन ठाकुर ने 2011 से 2019 तक उसका यौन शोषण किया।
बाद में वह शादी से मुकर गया। 2011 में पढ़ाई के दौरान युवती का संपर्क आरोपित से हुआ था। दोनों में प्यार होने के बाद शादी का झांसा देकर कई बार ललन ठाकुर ने युवती से शारीरिक संबंध बनाया। मामला अदालत में पहुंचने के बाद शुक्रवार को चुटिया थाना में एफआइआर दर्ज की गई।
कई बार कराया गर्भपात
प्यार के बहाने युवक ने युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती कई बार गर्भवती हो गई इसका जबरन गर्भपात करा दिया गया। यहां तक की अनचाहे गर्भ से बचने के लिए दूसरे उपाय भी किए गए।
युवती से ही लेता था कर्ज
आरोपित ने युवती से कई बार में 50 हजार रुपये उधार लिए लेकिन कभी नहीं लौटाया। युवती आरोपित के हर जुल्म को सहती रही। जब लड़की शादी की बात करती तो आरोपित कहता था कि अगर वह अपनी छोटी बहन की शादी से पहले शादी कर लेगा तो फिर कोई उसकी छोटी बहन से शादी नहीं करेगा। युवती द्वारा यह कहने पर कि वह शादी को ज्यादा दिन नहीं टाल सकती तो आरोपित ने 2019 में शादी से साफ तौर पर इंकार कर दिया। बाद में लड़की आरोपित की छोटी बहन की शादी तक रुकने के लिए तैयार भी हो गई। इसके बाद भी आरोपित नहीं माना।
गांव पहुंची तो भाग गया आरोपित
युवती को बिना बताए आरोपित अपने गांव चला गया। काफी खोजबीन के बाद जब युवती को पता चला तो वह उसके गांव पहुंच गई। आरोपित गांव से भी फरार हो गया। वहीं आरोपित के परिवार वालों ने युवती के साथ गाली- गलौज और मारपीट भी की।
थाने में नहीं हुई सुनवाई तो पहुंची कोर्ट
युवती का कहना है कि मारपीट की सूचना बालूमाथ थाने में दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद वह एक बार फिर आरोपित के घर पहुंची। दूसरी बार भी आरोपित के परिवार वालों ने उसके साथ मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। दोबारा गांव आने पर जान से मारने की भी धमकी दी।
महिला थाना और एसएसपी से भी लगाई थी गुहार
युवती ने कहा कि बालूमाथ थाने में शिकायत का कोई असर नहीं हुआ तो रांची के महिला थाने में भी शिकायत की। यहां भी कोई फायदा नहीं हुआ। चुटिया थाने की पुलिस और एसएसपी को भी घटना की जानकारी दी गई। इस बीच पता चला कि आरोपित की शादी तय हो गई है।
ये हैं आरोपित
मुख्य आरोपित ललन कुमार, आरोपित की मां सावित्री देवी, बहन सुषमा कुमारी, चाचा गोविंद ठाकुर, चाची मंजू देवी एवं भाई रोहित ठाकुर व शशि ठाकुर।