विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड राज्यसभा चुनाव में रोचक समीकरण, BJP ने आखिरी वक्त पर बदला गेम प्लान

Published: Mon, 08 Jun 2026 07:35 PM (IST)Updated: Mon, 08 Jun 2026 07:49 PM (IST)

झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए परिमल नथवानी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू। (सोशल मीडिया)

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू। (सोशल मीडिया)

HighLights

  1. परिमल नथवानी ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया

  2. भाजपा और एनडीए विधायकों ने किया समर्थन

  3. भाजपा ने संख्या बल की कमी का हवाला दिया

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले नामांकन में सोमवार को परिमल नथवानी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन किया।

दो सेट में दाखिल परिमल नथवानी के प्रस्तावकों में भाजपा और एनडीए विधायक ही शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सोमवार सुबह कहा कि पार्टी के पास अपने कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाकर जीत दिलाने वाली संख्या नहीं है।

ऐसे में भाजपा अपना उम्मीदवार नहीं उतार रही है। परिमल नथवानी निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं और उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से समर्थन मांगा है। ऐसे में भाजपा परिमल नथवानी को निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर समर्थन कर रही है।

नामांकन के बाद परिमल नथवानी ने कहा कि उन्होंने राज्यसभा में दो बार झारखंड से प्रतिनिधित्व किया है। पूर्व में उन्हें झारखंड मुक्ति मोर्चा, आजसू और भाजपा सभी का समर्थन मिला है।

सभी दलों से उनके संबंध हैं। राज्यसभा सदस्य के तौर पर दो बार में उनके द्वारा राज्य के लिए जो काम किया गया है उसके आधार पर वो सभी दलों से समर्थन मांग रहे हैं।

सोमवार सुबह तय हुआ परिमल नथवानी को समर्थन का प्लान

राज्यसभा चुनाव में अपने कार्यकर्ता को टिकट देने की बात कहती रही भाजपा रविवार देर रात तक अनिर्णय की स्थिति में थी।

केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से गौरव वल्लभ को प्रत्याशी बनाने के निर्देश के बाद पार्टी के रणनीतिकार राज्यसभा के नामांकन सेट पर विधायकों से हस्ताक्षर करा रहे थे।

भाजपा विधायकों से बिना प्रत्याशी के नाम वाले फार्म पर हस्ताक्षर कराए गए। सोमवार सुबह भाजपा प्रदेश कार्यालय में परिमल नथवानी पहुंचे उस वक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू वहां नहीं थे। उसके बाद नथवानी भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल के आवास पर भाजपा विधायकों की बैठक में पहुंचे।

विधायकों से चर्चा के बाद परिमल नथवानी भाजपा विधायकों के साथ ही विधानसभा पहुंचे। उनके साथ भाजपा विधायक रागिनी सिंह, सीपी सिंह, नीरा यादव, शशिभूषण मेहता समेत दूसरे विधायक नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के कमरे में पहुंचे और नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ की।

परिमल नथवानी निर्दलीय प्रत्याशी हैं। भाजपा उनका समर्थन कर रही है। आइएनडीआइए गठबंधन के विधायक भी एनडीए समर्थित प्रत्याशी को वोट करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ को मजबूत करने के लिए झारखंड से एक राज्यसभा सीट मिलने की पूरी उम्मीद है। उन्हें 28 से अधिक वोट मिलेंगे।

-

राज सिन्हा, विधायक, भाजपा