विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ranchi: JP नड्डा की जनसभा को सफल बनाने के लिए BJP ने झोंकी ताकत, प्रदेश अध्यक्ष वरीय नेताओं के साथ कर रहे कैंप

By Pradeep singhEdited By: Mohit Tripathi
Published: Mon, 19 Jun 2023 10:25 PM (IST)

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जनसभा 22 जून को गिरिडीह में निर्धारित है। जनसभा झंडा मैदान में होगी ...और पढ़ें

22 जून को गिरिडीह में होनी है रैली।
22 जून को गिरिडीह में होनी है रैली।

राज्य ब्यूरो, रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जनसभा 22 जून को गिरिडीह में निर्धारित है। जनसभा झंडा मैदान में होगी और इसके लिए प्रदेश नेतृत्व ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश खुद पूरी तैयारियों की देखरेख कर रहे हैं।

जेपी नड्डा जनसभा होने तक वहीं कैंप करेंगे। इस दौरान लगातार आसपास के क्षेत्रों में वे जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लेंगे। उनकी इस कवायद का उद्देश्य राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा में अधिक से अधिक भीड़ जुटाना है। इस हिसाब से स्थानीय नेताओं को भी जिम्मेदारी उनके स्तर से सौंपी गई है।

वे विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे। योग दिवस के मौके पर वे मधुबन में योग करेंगे। 22 जून को जेपी नड्डा की सभा के बाद ही 23 जून को उनकी वहां से वापसी निर्धारित है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही खींचतान को भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन से जोड़कर देखा जा रहा है।

दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। पहले कयास लगाया जा रहा था कि सचिवालय घेराव कार्यक्रम के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दीपक प्रकाश के करीबी नेताओं का कहना है कि बदलाव की संभावना कम है।

उधर प्रदेश अध्यक्ष की रेस में लगे नेताओं के समर्थकों का दावा है कि परिवर्तन तय है। जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी। फिलहाल सबकी नजर राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा पर है।

संगठन के महा जनसंपर्क अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में सफलता पूर्वक चल रहे कार्यक्रमों के बीच सचिवालय घेराव कार्यक्रम को नेतृत्व की कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि नेताओं का एक खेमा दिल्ली में इसकी वकालत कर रहा है कि किसी तेजतर्रार नेता को प्रदेश अध्यक्ष पद सौंपा जाए। बदलाव की स्थिति में प्रमुख नेताओं की पसंद का पूरा ख्याल रखे जाने की संभावना है।