Jharkhand: विधानसभा चुनाव में भी बना रहेगा भाजपा-आजसू का साथ
Jharkhand. लोकसभा में शानदार परिणाम देने वाली भाजपा-आजसू की जोड़ी विधानसभा चुनाव में भी बनी रहेगी। भाजपा और आजसू दोनों ही दलों ने इसके स्पष्ट संकेत दिए हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। लोकसभा में शानदार परिणाम देने वाली भाजपा-आजसू की जोड़ी विधानसभा चुनाव में भी बनी रहेगी। भाजपा और आजसू दोनों ही दलों ने इसके स्पष्ट संकेत दिए हैं। साथ लंबा चलेगा, इसकी पुष्टि आजसू के केंद्रीय कार्यालय में नरेंद्र मोदी के बड़े-बड़े पोस्टर भी कर रहे हैं। विधानसभा चुनावों में भाजपा गठबंधन धर्म का पालन करते हुए जदयू और लोजपा को भी कुछ सीटें दे सकती है।
लोकसभा चुनावों के साथ ही भाजपा विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री ने चुनाव प्रबंधन समिति को इस बाबत टास्क भी सौंप दिया है। विधानसभा चुनावों में आजसू के साथ को लेकर भाजपा पूरी तरह से आश्वस्त है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव आजसू को अपना सबसे पुराना और भरोसेमंद साथी बताते हैं। कहते हैं कि एनडीए ने झारखंड में 55 फीसद वोट प्राप्त किए।
आने वाले चुनावों में भी यह गठबंधन और मजबूती के साथ लड़ेगा। कुछ ऐसी ही राय आजसू की भी है। आजसू प्रवक्ता देवशरण भगत कहते हैं कि अभी वोटों की जो बरसात हुई, उसकी नमी विधानसभा में भी बरकरार रहेगी। जाहिर है आजसू गठबंधन को लेकर आश्वस्त है। बिहार के चुनाव परिणाम के बाद जदयू से भाजपा के रिश्ते झारखंड में भी सुधरेंगे। पार्टी कुछ सीटों पर जदयू के साथ भी सहमति बना सकती है। लोजपा को तो पिछली बार ही भाजपा ने शिकारीपाड़ा विधानसभा सीट दी ही थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप