Move to Jagran APP

Jharkhand: भाजपा नेताओं को वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से रोका, सचिव पर कार्रवाई की मांग

Jharkhand Political Updates राज्यसभा सदस्य समीर उरांव ने सरकार पर महापुरुषों को भी याद करने में भेदभाव का आरोप लगाया। कहा कि हेमंत सोरेन राज्य की जनता से माफी मांगे।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Mon, 17 Aug 2020 08:40 AM (IST)Updated: Mon, 17 Aug 2020 01:54 PM (IST)
Jharkhand: भाजपा नेताओं को वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से रोका, सचिव पर कार्रवाई की मांग
Jharkhand: भाजपा नेताओं को वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से रोका, सचिव पर कार्रवाई की मांग

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Political Updates भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा नेताओं को झारखंड विधानसभा परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण की अनुमति नहीं मिली। भाजपा के प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सदस्य समीर उरांव, पार्टी पदाधिकारियों के साथ शनिवार को प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया गया।

loksabha election banner

पदाधिकारियों ने इस मसले पर विधानसभा अध्यक्ष से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ रहने के कारण उनसे भी बात नहीं हो पाई। वहीं, विधानसभा सचिव से बात करने पर भी सकारात्मक जवाब नहीं मिला। समीर उरांव ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि संसद या विधानसभा परिसर में जो भी प्रतिमाएं या तस्वीर लगी होती हैं, उनका सम्मान सरकार और सदन का नैतिक दायित्व है।

झारखंड विधानसभा परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री की आदमकद प्रतिमा स्थापित है, परंतु उनकी प्रतिमा पर सभा सचिवालय या सरकार के किसी प्रतिनिधि द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित नहीं की गई। जब भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने माल्यार्पण करना चाहा तो उन्हें रोक दिया गया। इस मसले पर विधानसभा सचिव के व्यवहार ने भी काफी आहत किया। 

उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार महापुरुषों को याद करने में भी भेदभाव कर रही है। महापुरुषों को भी यह सरकार दलीय सीमा में बांध रही है। उरांव ने विधानसभा सचिव पर कार्रवाई की भी मांग की। साथ ही कहा कि हेमंत सरकार इस प्रकरण पर राज्य की जनता से माफी मांगे। महामंत्री आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने की अनुमति नहीं देकर जन भावनाओं का अपमान किया है।

आमने-सामने

राज्य सरकार के इशारे पर अपमान : दीपक प्रकाश

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर अटलजी का अपमान हुआ है। हेमंत सरकार सत्ता के मद इतना डूब चुकी है कि इन्हें सामान्य मर्यादा का भी ख्याल नहीं है। विधानसभा परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर राज्य सरकार या विधानसभा सचिवालय के द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित नहीं किया जाना यह प्रमाणित करता है कि सरकार की नीति और नीयत कैसी है।

झामुमो ने लोकतंत्र का किया अपमान : रघुवर

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सत्ताधारी दल झामुमो और कांग्रेस पार्टी पर घटिया राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड आंदोलन को खरीदने और बेचने वाली ये पार्टियां वाजपेयी जी के व्यक्तित्व को क्या जान पाएंगी।

उन्होंने सवाल उठाया कि विधानसभा परिसर में जाने से सांसद व भाजपा के नेताओं को किस नियम के तहत रोका गया। झामुमो और कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या करने का काम किया है। उन्होंने कहा विधानसभा परिसर तो सभी दलों के लिए समान रूप से उपलब्ध रहता है।

अटलजी की विशालता को माला न नापें :  झामुमो

झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भी भाजपा के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भाजपा को आहत नहीं होना चाहिए। अटल जी की विशालता को माला से नहीं मापा जाना चाहिए। कोरोना काल में कुछ बाध्यताएं हैं। प्रोटोकॉल का अनुपालन आवश्यक है। इसे मुद्दा बनाकर भाजपा अटलजी की शख्सियत से खिलवाड़ कर रही है।

भाजपा ने ही किया किया अटलजी का अपमान  : कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अटलजी का अपमान भाजपा के लोगों ने किया है। भाजपा के नेताओं को बताना चाहिए कि उन्होंने विधानसभा परिसर जाने से पूर्व सचिवालय से अनुमति ली थी या नहीं? सिर्फ क्षणिक लोकप्रियता के लिए भाजपा के नेताओं को भावनात्मक मुद्दे उछालने से बाज आना चाहिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.