झारखंड: पंचायत सचिवों की हड़ताल जारी, 21 को घेरेंगे सीएम आवास Ranchi News
18 अक्टूबर को सभी पंचायत सचिव अपने-अपने क्षेत्र में विधायकों का घेराव करेंगे। संघ ने हड़ताल जारी रखने और 21 को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का निर्णय किया है।
रांची, जासं। पंचायत सचिवों की हड़ताल मंगलवार को 15वें दिन भी जारी रही। झारखंड राज्य पंचायत सचिव संघ और सरकार के बीच वार्ता विफल होने के बाद संघ ने हड़ताल जारी रखने और 21 को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का निर्णय किया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार सिन्हा और महामंत्री जीतेंद्र बड़ाइक ने संयुक्त बयान में यह जानकारी दी। इन्होंने बताया कि पंचायती राज सचिव व निदेशक के साथ मंगलवार को प्रस्तावित संघ की वार्ता बेनतीजा रही। इसलिए 18 अक्टूबर को सभी पंचायत सचिव अपने-अपने क्षेत्र में विधायकों का घेराव करेंगे। वार्ता में संघ की ओर से अध्यक्ष व महामंत्री के अलावा अशोक कुमार सिंह, सदानंद प्रसाद, महेंद्र नारायण सिंह, सुकदेव मरांडी, खिरोधर प्रसाद मेहता और सत्यनारायण मांझी शामिल हुए।