विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओबीसी आरक्षण के साथ अगले वर्ष अप्रैल-मई में होंगे झारखंड में पंचायत चुनाव, जिलों में चल रही तैयारियां

Published: Sat, 12 Sep 2026 07:30 PM (IST)

झारखंड में अगले वर्ष अप्रैल-मई में पंचायत चुनाव होने की संभावना है, जिसमें ओबीसी को ट्रिपल टेस्ट के बाद आरक्षण ...और पढ़ें

ट्रिपल टेस्ट कराने के बाद होगा पंचायत चुनाव, ओबीसी को मिलेगा आरक्षण।

ट्रिपल टेस्ट कराने के बाद होगा पंचायत चुनाव, ओबीसी को मिलेगा आरक्षण।

HighLights

  1. अगले वर्ष अप्रैल-मई में झारखंड में होंगे पंचायत चुनाव।

  2. ओबीसी को ट्रिपल टेस्ट के बाद मिलेगा चुनाव में आरक्षण।

  3. राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग कराएगा ट्रिपल टेस्ट की पूरी प्रक्रिया।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अगले वर्ष अप्रैल-मई माह में होना है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर इसे लेकर जिलों में तैयारियां चल रही हैं। इसके तहत मतदान केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। हालांकि पंचायत चुनाव ट्रिपल टेस्ट के बाद ही होना है।

ट्रिपल टेस्ट के माध्यम से ओबीसी श्रेणी को चुनाव में आरक्षण प्रदान किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को दी जाएगी।
वर्ष 2022 में पंचायत चुनाव ओबीसी को आरक्षण दिए बिना ही संपन्न हुआ था। इसपर काफी विवाद हुआ था।

इसके बाद राज्य सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर ट्रिपल टेस्ट कराकर ओबीसी को आरक्षण देते हुए पिछले वर्ष नगर निकाय चुनाव संपन्न कराया था। ऐसे में पूरी संभावना है कि अगले वर्ष होनेवाले पंचायत चुनाव में भी ओबीसी को आरक्षण दिया जाएगा।

इसके लिए पंचायती राज विभाग को कैबिनेट से स्वीकृति लेनी होगी।ट्रिपल टेस्ट कराने में दो-तीन माह का समय लग सकता है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि अक्टूबर माह तक सरकार इसपर निर्णय ले लेगी।

19 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि से हो सकता चुनाव

चूंकि राज्य में पंचायत चुनाव अगले वर्ष होना है, इसलिए पूरी संभावना है कि यह चुनाव 19 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि से हो। इस तिथि तक मतदाता बननेवाले नागरिक पंचायत चुनाव में मतदान कर सकेंगे।

दरअसल, एसआइआर के तहत 19 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होना है। इसके बाद तय हो जाएगा कि राज्य में मतदाताओं की संख्या कितनी है।

मतदाता सूची के प्रकाशन होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग भारत निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची का आंकड़ा देने का अनुरोध कर सकता है। यह आंकड़ा मिलने के बाद पंचायत स्तर पर मतदाता सूची का विखंडन किया जाएगा।

फैक्ट फाइल

  • झारखंड में पंचायतों की संख्या : 4,345
  • ग्राम पंचायतों के सदस्यों की संख्या : 53,479
  • मुखिया के पद : 4,345
  • पंचायत समिति सदस्य के पद : 5,341
  • जिला परिषद सदस्य के पद : 536

यह भी पढ़ें- झारखंड मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए दूसरे राज्यों के दस्तावेज भी मान्य, 15 सितंबर तक मौका

यह भी पढ़ें- SIR Jharkhand: मतदाता पंजीकरण के लिए 3.19 लाख आवेदन जमा, दावा-आपत्ति का करें त्वरित निष्पादन

यह भी पढ़ें- SIR Jharkhand: दावा-आपत्ति अवधि में 30 से अधिक आवेदन देने पर होगा क्रॉस वेरीफिकेशन