Move to Jagran APP

Jharkhand Panchayat Chunav Phase 2: झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 68% वोटिंग, देखें हर जिला का डिटेल्‍स...

Jharkhand Panchayat Chunav 2022 Phase 2 झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 68.15 प्रतिशत मतदान हुआ। आज सुबह से ही मतदान केंद्रो पर वोटरों की भारी भीड़ अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंची। राज्‍य निर्वाचन आयोग ने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण संपन्‍न हो गया।

By Alok ShahiEdited By: Published: Thu, 19 May 2022 07:56 PM (IST)Updated: Fri, 20 May 2022 05:50 AM (IST)
Jharkhand Panchayat Chunav Phase 2: झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 68% वोटिंग, देखें हर जिला का डिटेल्‍स...
Jharkhand Panchayat Chunav 2022 Phase 2: झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 68.15 प्रतिशत मतदान हुआ।

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Panchayat Chunav 2022 Phase 2 झारखंड पंचायत चुनाव 2022 के तहत दूसरे चरण की 7,029 सीटों पर गुरुवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया। इस चरण में भी जमकर वोट पड़े। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार राज्य के 16 जिलों के 50 प्रखडों के 872 पंचायतों में 68.15 प्रतिशत मतदान हुआ। इस तरह दूसरे चरण में पहले चरण के बराबर मतदान हुआ। पहले चरण में भी 68.15 प्रतिशत वोट पड़े थे।

loksabha election banner

गुरुवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होते ही अधिसंख्य मतदान केंद्रों में मतदाताओं की कतार देखी गई। बड़ी संख्या में महिला, वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम तीन बजे भी मतदाता कतार में थे, जिन्हें भी मताधिकार का अवसर प्रदान किया गया। नक्सलियों के क्षेत्र में भी मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में शामिल हुए।

कुल 7,029 सीटों के लिए मतदान हुआ, जिनमें 3,624 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित थीं। कुल सीटों में ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्य के 5,123, मुखिया के 866, पंचायत समिति सदस्य के 938 तथा जिला परिषद सदस्य के 102 पद शामिल हैं। दूसरे चरण में वार्ड सदस्य के लिए 12,533, मुखिया के लिए 5,141, पंचायत समिति सदस्य के लिए 3,583 तथा जिला परिषद सदस्य के लिए 615 उम्मीदवारों का भाग्य बैलेट बाक्स में कैद हो गया।

बता दें कुल 10,614 मतदान केंद्रों में मतदान हुआ। इनमें 4,451 संवेदनशील तथा 3700 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल थे। छिटपुट घटनाओं की बात करें तो गिरिडीह के गावां स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय बिष्नीटीकर मतदान केंद्र पर दो मुखिया प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान उपद्रवियों ने एक मतपेटी में स्याही डाल दी जिससे एक घंटा मतदान प्रभावित हुआ।

अचानक मतदान केंद्र बदलने से हुई परेशानी

कई जगहों पर अचानक मतदान केंद्र बदलने से मतदाताओं को परेशानी हुई। इस कारण वहां मतदान भी बहुत कम हुआ। मतदान केंद्र बदलने का प्रचार-प्रसार नहीं करने से मतदाताओं को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई थी। इधर, तोरपा के डेरांग के एक मतदान केंद्र बदलने से नाराज ग्रामीणों ने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया।

कितने बजे तक कितना मतदान

  • पूर्वाह्न नौ बजे : 18.13 प्रतिशत
  • पूर्वाह्न 11 बजे : 40.08 प्रतिशत
  • अपराह्न एक बजे : 57.11 प्रतिशत
  • अपराह्न तीन बजे : 68.15 प्रतिशत

झारखंड पंचायत चुनाव : पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक पश्चिमी सिंहभूम में सबसे कम मतदान

त्रिस्तरीय झारखंड पंचायत चुनाव 2022 के तहत दूसरे चरण की सीटों पर गुरुवार को हुए मतदान में सबसे अधिक वोट पूर्वी सिंहभूम की पंचायतों में पड़े। यहां 75.50 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम की पंचायतों में सबसे कम 57.83 प्रतिशत मतदान हुआ। रांची में 64.71 प्रतिशत मतदान हुआ है।

किस जिले में कितने प्रतिशत पड़े वोट

पलामू : 68.67, लातेहार : 66.20, चतरा : 69.63, कोडरमा : 66.36, गिरिडीह : 71.46, गोड्डा : 73.33, पाकुड़ : 73.00, जामताड़ा : 74.89, धनबाद : 68.51, बोकारो : 68.09, गुमला : 63.10, खूंटी : 63.23, रांची : 64.71, सिमडेगा : 64.91, पश्चिमी सिंहभूम : 57.83, पूर्वी सिंहभूम : 75.50

नोट : आंकड़े प्रतिशत में हैं। शेष आठ जिलों में दूसरे चरण में चुनाव नहीं था।

रांची में कुल 65.41 प्रतिशत मतदान हुआ

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ। कहीं तकनीकी समस्या आयी लेकिन मतदान में कोई परेशानी नहीं हुई। रांची जिले के पांच प्रखंड कांके, बेड़ो, इटकी, नगड़ी और लापुंग में कुल 65.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस बीच महिलाओं की भागीदारी अधिक दिखी। साथ ही बुजुर्ग वर्ग भी इस लोकतंत्र के पर्व में अपनी भूमिका निभाने आगे आए। इससे पहले सुबह सात बजे से ही लोगों का रूझान देखते ही बन रहा था। नौ बजे तक 20 प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका था। दिन में गर्मी को लेकर मतदान प्रतिशत थोड़ा कम रहा, लेकिन तीन बजते बजते लोग घरों से निकले और मताधिकार का प्रयोग किया। इधर रांची कंट्रोल रूम में भी सुबह से ही गहमागहमी का माहौल था और लगातार हर प्रखंडों से सूचनाएं आदान-प्रदान की जा रही थी।रांची के इन प्रखंडो में चुनाव प्रतिशत :1. कांके - 65.23 प्रतिशत 2. बेड़ो - 62.59 प्रतिशत 3. इटकी - 66.97 प्रतिशत 4. नगड़ी - 72.15 प्रतिशत 5. लापुंग - 60.15 प्रतिशत

स्ट्रांग रूम में बैलट बॉक्स जमा, मतगणना 22 को

त्रिस्तरीय झारखंड पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान रांची जिला के पांच प्रखंडों में शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। मतदान के पश्चात बैलट बॉक्स की प्राप्ति पंडरा स्थित स्ट्रांग रूम में की गई है। इटकी, नगड़ी, कांके, बेड़ो और लापुंग में मतदान के पश्चात बैलट बॉक्स लेकर मतदान कर्मी स्ट्रांग रूम पहुंचे। अब 22 मई को मतगणना होगी।पंडरा स्थित स्ट्रांग रूम में बैलट बॉक्स की प्राप्ति की गई व्यवस्था का जायजा लेने उप विकास आयुक्त रांची विशाल सागर पहुंचे। इस दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी एवं पंडरा स्थित स्ट्रांग रूम में प्रतिनियुक्त संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित थे। प्रखंडवार बैलट बॉक्स की प्राप्ति की व्यवस्था का जायजा लेते हुए डीडीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जिन बैलट बॉक्स का इस्तेमाल मतदान में नहीं हुआ है उन्हें अलग रखते हुए उपयोग में लाए गए बैलट बॉक्स को चुनाव आयोग के दिशा निर्देश अनुसार सील करें ।दूसरे चरण के मतदान में आज इटकी, नगड़ी, कांके, बेड़ो और लापुंग प्रखंड में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। दूसरे चरण की मतगणना 22 मई 2022 को होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.