Jharkhand Panchayat Chunav 2022: चतरा में पहले चरण के वोटिंग की गिनती शुरू, तीनों प्रखंडों के वोटों की होगी गिनती
Jharkhand Panchayat Chunav Result 2022 झारखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2022 के पहले चरण में हुए मतदान की गिनती चतरा में मंगलवार की सुबह आठ बजे से प्रारंभ हो गई है। तीनों प्रखंडों के वोटों की गिनती के लिए अलग-अलग कमरे की व्यवस्था की गई है।
चतरा, जासं। Jharkhand Panchayat Chunav Result 2022 झारखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2022 के पहले चरण में हुए मतदान की गिनती मंगलवार की सुबह आठ बजे से प्रारंभ हो गई है। गिनती चतरा महाविद्यालय में हो रही है। मतगणना के लिए प्रतिनियुक्त किए गए अधिकारियों व कर्मी सात बजे सुबह ड्यूटी पर पहुंच गए। तीनों प्रखंडों के वोटों की गिनती के लिए अलग-अलग कमरे की व्यवस्था की गई है। चतरा और प्रतापपुर के लिए 28-28 टेबल लगाए गए हैं। जबकि कुंदा के लिए 30 टेबल की व्यवस्था की गई है। कुंदा प्रखंड के मतों की गिनती एक से दो बजे अपराह्न तक हो जाएगी। चूंकि वहां पर वार्ड, मुखिया और पंचायत समिति सदस्य के मतों की गिनती होनी है।
गिनती को लेकर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था।
बता दें कि जिला परिषद सदस्य के लिए कुंदा में मतदान नहीं हुआ है। कुंदा प्रखंड में कुल पांच पंचायत है। जिसके आधार पर यह अनुमान लगाया जा रहा है। तीनों प्रखंडों का अंतिम परिणाम रात नौ बजे तक आने का अनुमान है। चतरा प्रखंड में कुल 16 पंचायत हैं। यहां पर वोटों की गिनती 16 चक्र में होगी। प्रतापपुर में 18 पंचायतें हैं। प्रतापपुर का अंतिम परिणाम आने में रात नौ बज सकता है। चूकि वहां के वोटों की गिनती 18 चक्र में होगी।
मतदान केंद्र के अंदर जाने के लिए कतार में प्रत्याशी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रत्येक टेबल पर चार-चार कर्मी तैनात किए गए हैं। जिसमें एक माइक्रो आब्जर्वर, एक प्रेक्षक और दो मतगणना सहायक शामिल है। साथ ही साथ आरओ और एआरओ के लिए अलग से टेबल की व्यवस्था की गई है। इस प्रकार वोटों की गिनती के लिए कुल 176 कर्मियों को लगाया गया है। इसके अलावा दस प्रतिशत को सुरक्षित रखा गया है।
सज गई फुल-मालाओं की दुकान।
कुल मिलाकर करीब 200 कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त किए गए अधिकारियों व कर्मियों को दो चरण में प्रशिक्षण दिया गया है। मतों की गिनती को लेकर सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया है।