पलामू के कोयल नदी में बहे 3 युवक, एक का शव बरामद Palamu News
Jharkhand Palamu News इधर नहाने के क्रम में तीनों युवक बह गए। डूबे युवकों की तलाश में गोताखोर ग्रामीण नदी में कूद पड़े।
पलामू, जासं। पलामू-लातेहार जिला के केचकी स्थित औरंगा-कोयल नदी के संगम पर मेदिनीनगर के तीन लड़के नदी की तेज धार में बह गए। इसमें से एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है। मंगलवार की सुबह पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के 7 लड़के केचकी स्थित कोयल-औरंगा नदी के संगम में नहाने गए थे। उक्त नदी क्षेत्र में हमेशा काफी पानी रहता है। इधर नहाने के क्रम में तीनों युवक बह गए।
डूबे युवकों की तलाश में गोताखोर ग्रामीण नदी में कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद एक युवक का शव पलामू जिला के मेदिनीनगर सदर प्रखंड के चियांकी पंचायत के बखारी गांव के पास कोयल नदी से बरामद किया गया है। मृतक की पहचान नीरज साव के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम अशोक साव है। नदी में बह गए सोनू व मोनू नामक युवकों का अब तक पता नहीं है। गोताखोरों की टीम इन दोनों की तलाश में जुटी है।