Road Construction: झारखंड में 6728 करोड़ की सड़क परियोजनाओं पर चल रहा काम
Road Construction in Jharkhand दो सड़क परियोजनाएं जमीन नहीं मिल पाने के कारण लंबित हैं। राज्यसभा में महेश पोद्दार के अतारांकित प्रश्न पर सरकार ने यह जानकारी दी।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की 6728 करोड़ लागत की परियोजनाएं चल रही हैं। विगत पांच वर्षों में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के माध्यम से भारत सरकार ने झारखंड में 2394 करोड़ रुपये व्यय किए हैं। राज्यसभा सदस्य महेश पोद्दार के अतारांकित प्रश्न के जवाब में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह जानकारी दी।
सरकार के जवाब में बताया गया है कि वर्तमान में, झारखंड में 20 राष्ट्रीय राजमार्गों पर 29 सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य प्रस्तावित हैं और 17 सड़कों पर ऐसे 32 कार्य निर्माणाधीन हैं। इन निर्माणाधीन सड़क चौड़ीकरण कार्यों की प्राक्कलित लागत 6728 करोड़ रुपये है। झारखंड राज्य में विगत पांच वर्षों के दौरान 13 राष्ट्रीय राजमार्गों में 17 सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य पूरे हो चुके हैं।
यह भी बताया गया कि राज्य में जमीन उपलब्ध न हो पाने के कारण दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का काम फिलहाल रुका हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग 80 के मिर्जा चौकी से फरक्का खंड को 4 लेन बनाने (215 किलोमीटर से 257.718 किलोमीटर) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग 220 के 41 किलोमीटर से 54 किलोमीटर तक को पेव्ड शोल्डर और सुधार सहित 2 लेन में चौडीकरण की परियोजनाएं जमीन उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण रुकी पड़ी हैं।