यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
झारखंड: स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, निशिकांत दुबे बोले- यही है कांग्रेस का चरित्र
राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का एक आपत्तिजनक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसे लेकर राजनीतिक ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, रांची: राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का एक आपत्तिजनक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस छोटे से वीडियो क्लिप में स्वास्थ्य मंत्री किसी से अश्लील वार्तालाप कर रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि वे अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह के चक्कर में फंस गए हैं। इसे लेकर राजनीतिक गलियारे में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि दैनिक जागरण इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
बन्ना गुप्ता ने पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की शिकायत
इस वीडियो में मंत्री बन्ना गुप्ता बनियान पहने हुए हैं और वीडियो कॉल के माध्यम से बात कर रहे हैं। इसमें अश्लील वार्तालाप है, जिसे लिखा या दिखाया नहीं जा सकता है। मंत्री बन्ना गुप्ता से जब इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे अभी राज्य से बाहर हैं। किसी शरारती तत्व ने उनकी छवि खराब करने के लिए इस तरह का फर्जी वीडियो बनाकर वायरल किया है। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को इसकी जांच करते हुए वीडियो को बनाने और उसे वायरल करने वालों के विरुद्ध जांच करने को कहा है।
निशिकांत ने कहा - यही कांग्रेस का चरित्र
गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने वीडियो ट्विट कर कहा कि यही कांग्रेस का चरित्र है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का यह तथाकथित माजरा है। महिलाओं की इज्जत से खेलना, कांग्रेस कार्यकर्ता सुशील शर्मा का अपने पत्नी को तंदूर में जलाना काश गांधी परिवार समझ पाता। यदि यह सही है तो कांग्रेस के लिए डूब मरने वाली बात है।
कांग्रेस में मची खलबली
बन्ना गुप्ता के आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने पर प्रदेश कांग्रेस में खलबली मच गई है। हालांकि कोई इसपर कुछ खुलकर नहीं बोल रहा है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक यह राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में चरित्र हनन की कोशिश हो सकती है। इस प्रकरण से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराया जाएगा।
