Coronavirus Jharkhand: झारखंड में एक दिन में 95 नए कोरोना मरीज, अबतक 938; कोरोना से 7वीं मौत
Jharkhand Coronavirus शुक्रवार को झारखंड में 95 नए मरीज मिले जबकि एक वृद्ध की मौत हो गई। संक्रमण से जूझ रहे सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में रांची का एक इंटर्न छात्र भी संक्रमित मिला।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों का मिलना लगातार जारी है। शुक्रवार को झारखंड में 95 नए मरीज मिले, जबकि एक वृद्ध की मौत हो गई। लगातार संक्रमण से जूझ रहे राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में रांची का एक इंटर्न छात्र भी संक्रमित मिला है। इससे पहले एक दिन में इतनी संख्या में मरीज नहीं मिले थे। हालांकि मई महीने में प्रवासियों की आमद बढऩे के बाद लगातार बड़ी संख्या में मरीज मिल रहे हैैं। शुक्रवार को झारखंड में 20 मरीज कोरोना वायरस को शिकस्त देते हुए संक्रमणमुक्त भी हुए। इसके साथ ही राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या अब 520 हो चुकी है, जबकि 410 लोग संक्रमण को मात देकर स्वस्थ भी हुए हैं। राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 938 तक पहुंच चुका है।
कोरोना से जंग
- राज्य में कोरोना से सातवीं मौत, किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे सिमडेगा के सेवानिवृत्त शिक्षक
- राज्य में कोरोना के 20 मरीज स्वस्थ भी हुए, पूर्वी सिंहभूम बना है सबसे बड़ा हॉटस्पॉट
- रिम्स का इंटर्न छात्र भी हुआ संक्रमित, रांची के आलम नर्सिंग होम में इलाजरत दो मरीज भी मिले पॉजिटिव
- राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 520, अबतक 410 हो चुके हैैं स्वस्थ
किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे सिमडेगा निवासी वृद्ध
रिम्स कोविड अस्पताल में भर्ती सिमडेगा के जलडेगा निवासी 70 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक की मौत के बाद अब राज्य में कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत का आंकड़ा सात हो गया है। एक दिन पहले भी रांची के एक मरीज की मौत हुई थी। सिमडेगा के संक्रमित वृद्ध पहले से ही किडनी की समस्या से जूझ रहे थे। एक दिन पहले ही उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया था। इससे पहले एक हफ्ते तक वह रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती थे। वह लंबे समय से किडनी की समस्या से जूझ रहे थे। मेडिका में हुई जांच जहां गुरुवार की देर रात उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें रिम्स के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पूर्वी सिंहभूम सबसे बड़ा हॉटस्पॉट
रांची के हिंदपीढ़ी में संक्रमण थमने के बाद अब पूर्वी सिंहभूम राज्य का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन गया है। यहां शुक्रवार को भी 15 नए मरीज मिले, जबकि इस जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या 137 तक पहुंच गई है। शुक्रवार को सिमडेगा में 30, हजारीबाग में 24, पूर्वी सिंहभूम में 15, रामगढ़ में सात, गढ़वा व लातेहार में छह-छह तथा जमशेदपुर, रांची, गुमला, धनबाद, कोडरमा व पलामू में एक-एक नए मरीज मिले हैं। वहीं 20 लोग कोरोना को मात देते हुए स्वस्थ भी हुए हैं। स्वस्थ होने वालों में गिरिडीह के छह, बोकारो के पांच, कोडरमा तथा दुमका के दो-दो और रांची, गुमला, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा व धनबाद में एक-एक मरीज शामिल हैैं। इधर, रांची के आलम नर्सिंग होम में इलाजरत दो मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें एक गोमो निवासी 25 वर्र्षीय युवक स्पाइन की समस्या तथा दूसरा रामगढ़ के चितरपुर निवासी व्यक्ति यूरिन की समस्या को लेकर इलाज के लिए पहुंचा था।
जिलावार सक्रिय मामले
- पूर्वी सिंहभूम : 137
- धनबाद : 60
- हजारीबाग : 59
- रामगढ़ : 46
- गुमला : 26
- कोडरमा : 28
- रांची : 17
- सिमडेगा : 49
- पश्चिमी सिंहभूम : 13
- गढ़वा : 20
- गिरिडीह : 03
- बोकारो 04
- पाकुड़ : 02
- खूंटी : 08
- लोहरदगा : 04
- सरायकेला-खरसावां : 18
- लातेहार : 13
- साहिबगंज : 03
- पलामू : 10
- दुमका : 00
- देवघर : 00
- जामताड़ा : 00
- गोड्डा : 00
- चतरा : 00