Jharkhand New Cabinet: कौन हैं तेजस्वी के बेहद खास संजय प्रसाद यादव? जिन्हें हेमंत सरकार में मंत्री बनाया गया
Jharkhand News झारखंड में नए मंत्रिमंडल का गठन हो गया है। इस मंत्रिमंडल में कुल 11 विधायकों ने शपथ ली है जिनमें सबसे अधिक झामुमो के 6 कांग्रेस के 4 और आरजेडी के एक विधायक ने मंत्री पद की शपथ ली है। इनमें सबसे अधिक चर्चा में जिस विधायक का नाम रहा है वह आरजेडी के संजय प्रसाद यादव हैं।

डिजिटल डेस्क, रांची। Jharkhand New Minister List 2024: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कोटे से विधायक संजय प्रसाद यादव को हेमंत सरकार की नई कैबिनेट में मंत्री बनाया गया है। उन्होंने आज राज्यपाल के समक्ष पद और गोपनीयता की शपथ ली है। इससे पहले देवघर से विधायक सुरेश पासवान का नाम तेजी से आगे आ रहा था। हालांकि, सुरेश पासवान को राजद विधायक दल का नेता बना दिया गया है।
कौन हैं संजय प्रसाद यादव
संजय प्रसाद यादव (Sanjay Prasad Yadav RJD) गोड्डा से तीसरी बार विधायक बने हैं। वह 2000 और 2009 में भी गोड्डा से विधायक रहे हैं। उन्होंने BJP के अमित मंडल को शिकस्त दी थी। संजय प्रसाद को तेजस्वी और लालू का बेहद करीबी माना जाता है। कहें तो झारखंड के गठन से पहले से ही वह आरजेडी के सच्चे सिपाही माने जाते हैं।
बताया जाता है कि तीसरी बार विधायक का पद जीतने से ही आरजेडी ने इनाम के रूप में मंत्री पद दिया है। विधानसभा चुनाव के दौरान तेजस्वी यादव ने उनके लिए दो चुनावी सभाओं को संबोधित किया था।
संजय प्रसाद यादव आरजेडी के प्रदेश महासचिव भी हैं
संजय प्रसाद यादव आरजेडी के प्रदेश महासचिव भी हैं। संजय यादव का गांव गोड्डा जिले से सटे बिहार के बांका जिले में है। वहीं उनके छोटे भाई मनोज यादव जेडीयू से विधायक हैं।
झामुमो से ये मंत्री-JMM Minister List
- दीपक बिरुआ (Deepak Birua): दीपक बिरुआ झामुमो के दिग्गज नेता हैं और चार बार विधायक रह चुके हैं। इस बार चाईबासा से विधायक चुने गए हैं। कोल्हान में इनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है।
- हफीजुल हसन (Hafijul Hasan): जेएमएम के वरिष्ठ नेता हाजी हुसैन अंसारी के बेटे हैं जो दूसरी बार मधुपुर से विधायक बने हैं। इन्हें भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
- रामदास सोरेन (Ramdas Soren): रामदास सोरेन को कोल्हान का मजबूत नेता माना जाता है। वह इसबार घाटशिला से विधायक बने हैं, उन्होंने चंपई सोरेन के बेटे बाबू लाल सोरेन को शिकस्त दी।
- योगेंद्र प्रसाद (Yogendra Prasad): योगेन्द्र प्रसाद भारत के झारखण्ड राज्य की गोमिया सीट से झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के विधायक हैं। वह लगातार 2014 से इस सीट पर जीतते आ रहे हैं।
- सुदिव्य कुमार सोनू (Sudivya Kumar Sonu):सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह से झामुमो के विधायक हैं।
- चमरा लिंडा- (Chamra Linda)-चमरा लिंडा बिशुनपुर से विधायक बने हैं।
कांग्रेस से इन विधायकों ने ली शपथ
- राधा कृष्ण किशोर (Radha Krishna Kishor): इस बार पलामू के छतरपुर से विधानसभा चुनाव जीते हैं। अविभाजित बिहार में भी विधायक रहे हैं और SC समुदाय से आते हैं।
- दीपिका पांडे सिंह (Deepika Pandey): दीपिका पांडे सिंह गोड्डा जिले के महागामा से झारखंड विधान सभा की सदस्य चुनी गई हैं। दीपिका भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव भी हैं ।
- इरफान अंसारी (Irfan Ansari) -जामताड़ा से तीसरी बार विधायक बने हैं। उन्होंने सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन को हराकर चुनाव जीता है।
- शिल्पी नेहा टिर्की (Shilpi Neha Tirki) - शिल्पी नेहा टिर्की रांची में मांडर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। दूसरी बार विधायक हैं। अपने पिता बंधु टिर्की को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अयोग्य ठहराए जाने के बाद चुनाव में जीत हासिल की थी।
ये भी पढ़ें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।