विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में निकाय चुनाव की तैयारी पूरी, 48 निकायों में 43 लाख से अधिक वोटर्स चुनेंगे नगर की सरकार

Published: Mon, 23 Feb 2026 05:30 AM (IST)

झारखंड में 48 नगर निकायों के लिए सोमवार को चुनाव होंगे, जिसमें 43 लाख से अधिक मतदाता अपने महापौर/अध्यक्ष और ...और पढ़ें

झारखंड नगर निकाय चुनाव। (जागरण)

झारखंड नगर निकाय चुनाव। (जागरण)

HighLights

  1. सोमवार को 48 नगर निकायों में मतदान होगा।

  2. 43 लाख से अधिक मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे।

  3. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 45 वार्डों में पार्षद चुनाव नहीं।

राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य में नगर निकाय चुनाव के तहत अब बारी मतदाताओं की है। सोमवार को कुल 48 निकायों में 43,33,574 मतदाता अपने नगर की सरकार चुनेंगे।

निकायों के सभी 4,304 बूथों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट पड़ेंगे। शाम पांच बजे तक जो भी मतदाता कतार में खड़े होंगे, उन सभी को वोट करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

मतदान कराने को लेकर सभी बूथों पर देर शाम तक पोलिंग पार्टियां पहुंच चुकी हैं। स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण मतदान की पूरी तैयारी है।

मतदान बैलेट बॉक्स तथा बैलेट पेपर के माध्यम से होगा। प्रत्येक मतदाता को दो-दो बैलेट पेपर एक महापौर या अध्यक्ष तथा एक वार्ड पार्षद के लिए दिए जाएंगे।

राज्य के 48 नगर निकायों में नगर निगम महापौर के नौ, नगर परिषद व नगर पंचायत अध्यक्ष के 39 तथा 1,042 वार्ड पार्षदों के लिए वोट पड़ेंगे। राज्य के जिन 48 नगर निकायों में चुनाव होगा, उनमें नौ नगर निगम, 20 नगर परिषद तथा 19 नगर पंचायत हैं।

इस चुनाव में कुल 43,33,574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 22,07,203 पुरुष, 21,26,227 महिला तथा 144 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

मेयर व अध्यक्ष के लिए चुनाव लड़ रहे 562 तथा वार्ड पार्षद के 5,562 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। इस तरह कुल 6,124 प्रत्याशियों का भाग्य बैलेट बाक्स में कैद होगा।

यह है स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण मतदान की व्यवस्था

  • सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल लगाए गए हैं।
  • मतदान केंद्रों पर किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।
  • प्रत्येक दो घंटे पर राज्य निर्वाचन आयोग को मतदान की स्थिति तथा किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर रिपोर्ट दी जाएगी।
  • सुरक्षा कारणों से 4,304 मतदान केंद्रों में 2,445 संवेदनशील तथा 896 अति संवेदनशील मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

45 वार्डों में पार्षद के लिए नहीं होगा मतदान

राज्य के 45 वार्डों में पार्षद के लिए मतदान नहीं होगा। यहां के मतदाता सिर्फ महापौर या अध्यक्ष के लिए ही मतदान करेंगे। दरअसल, वार्ड पार्षद की कुल 1,087 सीटों के लिए चुनाव होना था, लेकिन 41 वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

साथ ही एक वार्ड में एक प्रत्याशी के निधन के बाद वहां चुनाव रद कर दिया गया है। तीन सीटों पर शून्य नामांकन होने से वहां पार्षद के लिए चुनाव नहीं होगा।

इस तरह, 45 वार्डों में महापौर या अध्यक्ष के लिए तो मतदान होगा, लेकिन वहां पार्षद के लिए मतदान नहीं होगा। यहां मतदाताओं को एक ही बैलेट पेपर महापौर या अध्यक्ष के लिए मिलेगा।

आधी आबादी की धमक

  • महापौर व अध्यक्ष के 562 प्रत्याशियों में 235 महिलाएं हैं।
  • वार्ड पार्षद के 5,562 प्रत्याशियों में 2,727 महिलाएं हैं।
  • एसटी तथा अनारक्षित श्रेणी में पुरुषों से अधिक प्रत्याशी महिलाएं हैं।
  • एसटी श्रेणी में कुल 404 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 224 महिलाएं हैं।
  • अनारक्षित श्रेणी में कुल 3,194 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 1,632 महिलाएं हैं।

... ताकि आप वोट दे सकें

  • मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे इसलिए कार्मिक विभाग ने निकाय क्षेत्र के सभी सरकारी कार्यालयों में सोमवार को अवकाश घोषित किया है। राजधानी रांची स्थित सचिवालय भी बंद रहेगा।
  • सभी निजी प्रतिष्ठानों को भी अपने कामगारों को सवैतनिक अवकाश देना होगा।
  • राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सभी बूथों पर मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। मतदाताओं को वोट देने में कोई परेशानी न हो इसके लिए कतार प्रबंधन मजबूत किया गया है।
  • किसी मतदाता के पास फोटो मतदाता पहचान पत्र नहीं है तो वह आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेज में किसी एक को भी दिखाकर वोट दे सकेगा। बशर्ते उसका नाम संबंधित बूथ की मतदाता सूची में नाम हो।

क्यों दें वोट

  • आप अपना पार्षद के साथ-साथ मेयर (नगर निगम) या अध्यक्ष (नगर परिषद, नगर पंचायत) को चुनेंगे जो क्रमश: आपके वार्ड और नगर निगम/नगर परिषद/नगर पंचायत में नागरिक सुविधाओं के लिए जिम्मेदार होंगे।
  • अक्सर कहा जाता है कि वोट देने में शहर के लोग पीछे रह जाते हैं। वे घरों से नहीं निकलते। अवकाश का लाभ उठाते लेकिन वोट नहीं देते हैं।

कैसा रहा है निकाय चुनाव में वोट प्रतिशत

  • वर्ष 2013 : 64.24 प्रतिशत
  • वर्ष 2015-18 : 64.66 प्रतिशत

यह भी पढ़ें- झारखंड निकाय चुनाव: प्रत्येक बूथ पर पीठासीन पदाधिकारी के अलावा 4 मतदान अधिकारी होंगे तैनात, सबके काम हुए तय