विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में मलेरिया मरीजों को मिलेंगी मच्छरदानियां, सहियाओं को टैब; NHM कर्मियों को ईपीएफ का लाभ

Published: Fri, 25 Sep 2026 09:30 PM (IST)

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने समीक्षा बैठक में मलेरिया मरीजों को सरकारी अस्पतालों में मच्छरदानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ...और पढ़ें

स्वास्थ्य मंत्री ने विभाग की समीक्षा बैठक में पदाधिकारियों को दिए निर्देश।

स्वास्थ्य मंत्री ने विभाग की समीक्षा बैठक में पदाधिकारियों को दिए निर्देश।

HighLights

  1. मलेरिया मरीजों को सरकारी अस्पतालों में मिलेंगी मच्छरदानियां।

  2. सहियाओं को समय पर प्रोत्साहन राशि और शीघ्र टैब मिलेंगे।

  3. एनएचएम कर्मियों को ईपीएफ लाभ, चिकित्सकों के पद शीघ्र भरें।

राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य में मलेरिया से पीड़ित मरीजाें को सरकार मच्छरदानी उपलब्ध कराएगी। जिन मरीजों का इलाज सरकारी अस्पतालों में होगा, उन्हें इसका लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने शुक्रवार को विभाग की समीक्षा बैठक में इसे लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए।

उन्होंने मलेरिया के नियंत्रण एवं रोकथाम से जुड़ी गतिविधियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित करने के भी निर्देश दिए। नामकुम स्थित आइपीएच सभागार में हुई बैठक में मंत्री ने विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, बजट के उपयोग तथा स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।

मंत्री ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि सहिया को प्रोत्साहन राशि का भुगतान समय पर हो। इसमें किसी भी हाल में लापरवाही न हो। उन्होंने सहिया को दी जाने वाली विशेष प्रोत्साहन राशि राज्य मुख्यालय स्तर से सीधे भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि भुगतान में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने पूरी व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने सहिया को शीघ्र टैब उपलब्ध कराने की भी निर्देश दिए, ताकि वह अपने कार्यों को सुगमतापूर्वक कर सकें। मंत्री ने उन योजनाओं की कड़ी निगरानी के निर्देश दिए, जिनमें अभी तक खर्च काफी कम हुआ है।

अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं एवं गतिविधियों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा उपलब्ध बजट का निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप समुचित उपयोग हो। बैठक में विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा एवं अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

संविदा कर्मियों के मानदेय में होगा सुधार

मंत्री ने संविदा पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों का मानदेय भुगतान एचआइआरएस के माध्यम से राज्य मुख्यालय स्तर से करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब को दूर किया जा सके। उन्होंने एनएचएम के तहत कार्यरत सभी संविदा कर्मियों को ईपीएफ का लाभ भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चिकित्सकों के रिक्त पदों पर शीघ्र हो नियुक्ति

मंत्री ने चिकित्सकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने के भी निर्देश दिए। कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि राज्य की जनता को समय पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सके।