विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में मौसम का कहर: आकाशीय बिजली गिरने से 24 घंटें में 8 लोगों की मौत, 3 महिलाओं समेत 2 बच्चे शामिल

Published: Sun, 14 Jun 2026 11:29 AM (IST)Updated: Sun, 14 Jun 2026 01:39 PM (IST)

झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. झारखंड में 24 घंटे में आकाशीय बिजली से आठ लोगों की मौत।

  2. मृतकों में तीन महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल थे।

  3. रांची, गढ़वा, चतरा समेत छह जिलों में हुईं मौतें।

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतकों में तीन महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस ने रविवार को बताया कि रांची और गढ़वा जिलों में दो-दो लोगों की जान गई, जबकि चतरा, गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां और जामताड़ा जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

रांची जिले के पिठोरिया थाना क्षेत्र में खेतों में काम कर रहे बड़हू गांव के जीतू महली (55) और कतमकुली गांव की निराशा देवी (33) पर बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गढ़वा जिले में खरोंधी थाना क्षेत्र के सुंडी गांव की रीना देवी (30) और केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव के राम अवतार पाल (65) की बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रीना देवी बारिश के दौरान एक पेड़ के नीचे शरण ले रही थीं, जबकि चरवाहे राम अवतार पाल अपनी भेड़ों को चरा रहे थे।

गिरिडीह जिले के घोषकेडीह गांव में बिजली गिरने से झुलसे 10 वर्षीय बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया था।

चतरा जिले में सदर थाना क्षेत्र स्थित इको पार्क में कार्यरत महिला मजदूर गीता देवी (35) की भी बिजली गिरने से मौत हो गई। अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।

सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में संजय देवगम (35) की मौत हो गई, जबकि उनके 60 वर्षीय पिता और नौ साल की बेटी घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब तीनों संदिरडीह गांव में बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में रुके हुए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, जामताड़ा जिले के करमाटाड़ थाना क्षेत्र के बिथरा गांव में खेत की ओर जाते समय बिजली गिरने से 10 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके पिता और दो अन्य बच्चे मामूली रूप से घायल हुए हैं तथा उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

यह भी पढ़ें- झारखंड के आसमान में दिखेगा दम: 15 ट्रेनी पायलटों की पढ़ाई शुरू, ट्रेनिंग पर खर्च होंगे ₹34.31 लाख

यह भी पढ़ें- झारखंड में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का भविष्य अधर में, 6 महीने से वेतन नहीं; नौकरी छोड़ रहे मैनेजर