23 दिनों के आंदोलन की बड़ी जीत: सोनम वांगचुक ने हेमंत सरकार के फैसले को बताया सही
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL और JPSC परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों में खुशी का माहौल है। ...और पढ़ें

प्रसिद्ध पर्यावरणविद सोनम वांगचुक ने झारखंड के छात्र नेता देवेंद्र महतो से फोन पर बात कर उन्हें और सभी छात्रों को बधाई दी।
जासं, रांची । झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL और JPSC परीक्षा रद होने की घोषणा के बाद अभ्यर्थियों और आंदोलनकारियों में खुशी और जश्न का माहौल है।
इस ऐतिहासिक सफलता के बाद प्रसिद्ध जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने झारखंड के छात्र नेता देवेंद्र महतो से फोन पर बात कर उन्हें और सभी छात्रों को बधाई दी।
सोनम वांगचुक ने राज्य सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार ने एक उचित निर्णय लिया है, क्योंकि सरकार का प्राथमिक दायित्व युवाओं का भविष्य संवारना है।
उन्होंने कहा कि छात्र लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे थे और आज उनकी निष्ठा और संघर्ष को सफलता मिली है।
छात्र नेताओं की प्रतिक्रियाएं:
- देवेंद्र महतो: आज सत्य और झारखंड के तमाम स्टूडेंट्स के अटूट हौसले और हिम्मत की जीत हुई है। इसी जीवटता के बल पर हमने यह मुकाम हासिल किया है।
- विवेक पंडित: यह सभी छात्रों के संघर्ष की जीत है। आज यह साबित हो गया है कि यदि हम पूरी एकजुटता से लड़ेंगे, तो जीत हमारी ही होगी।
- एहतेशाम परवीन: घोषणा सुनते ही छात्रों के बीच जश्न का माहौल बन गया। इतने लंबे और कठिन संघर्ष के बाद यह खबर सुनकर बहुत संतोष मिला है। यह सभी के संयुक्त प्रयासों का ही नतीजा है।
- कविता बेसरा: लगातार प्रयास और आंदोलन के सामने सरकार को CGL परीक्षा रद्द करने पर मजबूर होना पड़ा है। इस फैसले से सभी अभ्यर्थियों के अंदर दोगुनी ऊर्जा और जोश भर गया है।
- बनवाली प्रमाणिक:यह सफलता छात्रों की अटूट एकता का परिणाम है।
परीक्षा रद होने के बाद छात्रों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर मिठाइयां बांटीं और इसे अपने लंबे आंदोलन की पहली बड़ी सफलता करार दिया।
