स्वच्छता में पूरे देश में झारखंड बना नंबर वन
स्वच्छता पखवारे में पूरे देश में झारखंड ने सर्वोच प्रदर्शन किया है। विश्व शौचालय दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड के हजारीबाग जिले ने चौथा स्थान हासिल किया है।
रांची, जेएनएन। स्वच्छता पखवारे में पूरे देश में झारखंड ने सर्वोच्च प्रदर्शन किया है। नौ से 19 नवंबर के बीच विश्व शौचालय दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड के हजारीबाग जिले ने चौथा स्थान हासिल किया था जबकि लोहरदगा ने आठवां। प्रतियोगिता में देश भर के कुल 412 जिलों ने भाग लिया था। राज्य के दो जिलों के बेहतर प्रदर्शन के कारण झारखंड को यह सम्मान मिला।
बुधवार को मुंबई के यशराज स्टूडियो में आयोजित एक समारोह में स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर व जाने-माने अभिनेता अक्षय कुमार ने पेयजल स्वच्छता विभाग की सचिव आराधना पटनायक, हजारीबाग के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला और लोहरदगा के उपायुक्त को सम्मानित किया। इस मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता सचिव आराधना पटनायक और हजारीबाग उपायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन को लेकर किए गए नए प्रयोगों के बारे में जानकारी दी, जिन्हें अक्षय कुमार समेत तमाम लोगों ने काफी सराहा। वहीं उपायुक्त ने अक्षय कुमार से हजारीबाग आने का भी आग्रह किया।
बता दें कि प्रतियोगिता का आयोजन भारत सरकार के पेयजल व स्वच्छता मंत्रालय द्वारा स्वच्छ भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से किया गया था। इस प्रतियोगिता में देश के 25 राज्यों से कुल 412 जिलों ने संबंधित जिलों के डीसी, डीएम की अगुवाई में भाग लिया था। वहीं प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले को प्रथम स्थान मिला।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई : झारखंड को एक और सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने टीम झारखंड को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार हम सब मिलकर काम करें और राज्य को विकास की नई बुलंदियों पर पहुंचाएं।