झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा, कोरोना से अधिक आर्थिक बीमारी से लोग ग्रसित
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि झारखंड में कोरोना के मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। मरीजों के स्वस्थ होने की दर अब 75 फीसद से अधिक हाे गई है जबकि मृत्यु दर में कमी आई है।
रांची (राज्य ब्यूरो) । झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के मुताबिक, आम नागरिक कोरोना से अधिक आर्थिक बीमारी से ग्रसित हैं। उन्होंने बयान जारी कर इसके लिए केंद्र की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इस कारण देश में जीडीपी की दर घटती जा रही है। यह चिंता का विषय है। उन्होंने झारखंड की आर्थिक स्थिति के लिए भी पिछली सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पूर्व की सरकार में मोेमेंटम झारखंड के नाम पर हजारों करोड़ रुपये की लूट हुई। इससे राज्य के राजस्व की क्षति हुई तथा खजाना खाली हो गया।
उन्होंने कहा कि झारखंड में कोरोना के मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। मरीजों के स्वस्थ होने की दर अब 75 फीसद से अधिक हाे गई है, जबकि मृत्यु दर में कमी आई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना से ठीक हो चुके लोगों से प्लाज्मा दान करने की अपील भी की है।