Ranchi Science Center पर लाखों रुपये खर्च करने जा रही हेमंत सरकार
Ranchi Science Center झारखंड की राजधानी रांची के चिरौंदी स्थित क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र पर हेमंत सरकार लाखों रुपये खर्च करने जा रही है। वर्ष 2010 में स्थापित रांची विज्ञान केंद्र पर क्यों पैसा खर्च किया जा रहा है जानें...
रांची, राज्य ब्यूरो। Ranchi Science Center झारखंड की राजधानी रांची के चिरौंदी स्थित क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र के कई उपकरण खराब हो गए हैं। कहा जा रहा है कि कोरोना के कारण लगातार इसके बंद रहने के कारण इनके वैज्ञानिक उपकरण एवं माडल खराब हुए। अब झारखंड सरकार ने इनकी मरम्मति 28.70 लाख रुपये खर्च कर कराने का निर्णय लिया है।
एनसीएसएम कोलकाता करेगी मरम्मति का काम
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने इन उपकरणों एवं एवं माडल की मरम्मति की जिम्मेदारी मनोनयन के आधार पर राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (एनसीएसएम ), कोलकाता को दी है। रांची विज्ञान केंद्र में साइंस गैलरी एवं हाउ थिंग्स वर्क गैलरी के उपकरणों एवं माडलों की मरम्मति होगी।
एनसीएसएम ने उपकरणों एवं माडलों की मरम्मत के लिए 28. 70 लाख रुपये का प्राक्कलन दिया था जिसपर सक्षम प्राधिकारी द्वारा पुनरीक्षण कर दर को उचित पाया। इसके बाद इसपर वित्त तथा कैबिनेट की स्वीकृति ली गई।
2010 में हुआ था निर्माण
बता दें कि रांची विज्ञान केंद्र की स्थापना विज्ञान के प्रचार प्रसार, छात्र-छात्राओं तथा आम लोगों में वैज्ञानिक जागरूकता पैदा करने को लेकर वर्ष 2010 में की गई थी। इसका निर्माण 11.68 एकड़ भूमि पर एनसीएसएम द्वारा ही किया गया था।