यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand News: प्रखंडों का दौरा करेंगे राज्यपाल, सुदूर गांवों और प्रखंडों की देखना चाहते हैं जमीनी हकीकत
राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन राजभवन की बजाय सुदूर गांवों और प्रखंडों में जाकर विकास की जमीनी हकीकत देखना चाहते हैं। उन्होंने ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन राजभवन की बजाय सुदूर गांवों और प्रखंडों में जाकर विकास की जमीनी हकीकत देखना चाहते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इसका कार्यक्रम तैयार करें।
जमीनी हकीकत देखने के बाद विकास का रोडमैप तैयार करने में उन्हें सहूलियत होगी। अपनी बात से उन्होंने राज्य सरकार को भी अवगत करा दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे पांच-पांच दिन के हिसाब से उनका कार्यक्रम तैयार करें।
कार्यक्रम को दिया जा रहा अंतिम रूप
राज्यपाल से विमर्श के बाद उनके कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। काफी कम समय में ही वे राज्य के कई शहरों का दौरा कर चुके हैं। वे लगातार कार्यक्रमों में भी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा है कि गांवों में सिंचाई, परिवहन आदि को लेकर समस्याएं हैं। इस परिस्थिति में बदलाव किया जा सकता है।
सीख रहे हैं हिन्दी, मेलजोल बढ़ाया
राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु के हैं। हिंदी में बातचीत में परेशानी को वे अक्सर मुलाकातों के दौरान व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा है कि स्थानीय भाषा में बातचीत का अपना महत्व है। वे इसी को ध्यान में रखते हुए हिंदी सीख रहे हैं। राजभवन के अधिकारी भी उनकी मदद कर रहे हैं।
शिबू सोरने से की थी मुलाकात
राज्यपाल राजनीतिक दलों के नेताओं से भी लगातार मुलाकात कर रहे हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी उपस्थित थे।
विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ-साथ अलग-अलग क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने भी उनके मुलाकात की है। प्रधानमंत्री के मन की बात के सौवें संस्करण को लेकर राजभवन में आयोजित समारोह में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया था।
इसके अलावा राजभवन में कई दलों के नेताओं से उनकी लगातार मुलाकात हो रही है। हाल ही में नई दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अन्य वरीय नेताओं से भी मुलाकात की है।
