सिमडेगा में महिला कालेज का राज्यपाल ने किया उद्घाटन, कहा- नारी शिक्षा से विकसित बनेगा राष्ट्र
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को जिले के बानो प्रखंड में नवनिर्मित मॉडल डिग्री कालेज एवं सिमडेगा में बने महिला कालेज का उद्घाटन किया। इस मौके पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि झारखंड दूसरे राज्यों से अलग है । यहां महिलाओं की संख्या पुरूषों की अपेक्षा अधिक है।
सिमडेगा, जासं। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को जिले के बानो प्रखंड में नवनिर्मित मॉडल डिग्री कालेज एवं सिमडेगा में बने महिला कालेज का उद्घाटन किया। इस मौके पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि झारखंड दूसरे राज्यों से अलग है । यहां महिलाओं की संख्या पुरूषों की अपेक्षा अधिक है। जहां महिलाएं शिक्षित होती हैं, वहां का समाज, राज्य व देश सभी प्रगतिशील होते हैं। इसी परिकल्पना के साथ आज सिमडेगा में महिला कालेज तथा मॉडल डिग्री कालेज का उद्घाटन किया गया। जिससे कि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उनके ही क्षेत्र में अच्छी शिक्षा मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि कालेज में छात्रावास का होना भी जरूरी है, जिससे कि छात्राएं कालेज में सुरक्षित रखकर अपना अध्ययन जारी रख सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वोकल फोर लोकल का संदेश दिया है, जिसका स्पष्ट सन्देश है कि स्थानीय स्तर पर गांवों में शिक्षा,स्वास्थ्य,आजीविका की व्यवस्था सुदृढ़ हो। जिससे सुविधा पाकर गांव के लोग सशक्त व सुदृढ़ बनें। सुविधाओं के लिए लोग शहर पर कम-से-कम निर्भर हों। इधर, रांची यूनिवर्सिटी के कुलपति रमेश कुमार पांडेय ने कहा कि दोनों कालेज में इसी सत्र से पढ़ाई प्रारंभ होगी।
इसके लिए चांसलर पोर्टल के माध्यम से आवेदन दी जा सकती है। इधर राज्यपाल करीब पौने 11 बजे चॉपर के माध्यम से बानो पहुंची, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।मौके पर राज्यपाल ने पल्स पोलियो अभियान का भी शुभारंभ करते हुए बच्चे को दवा पिलाई। मौके पर जिले के विधायक भूषण बाड़ा, नमन विक्सल कोंगाडी,कोचे मुंडा आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। विदित हो कि दोनों कालेज भवन करीब 20 करोड़ की लागत
से बनाया गया है।