Move to Jagran APP

झारखंड के 96 आत्‍मनिर्भर किसानों को किया गया सम्‍मानित, राज्‍यपाल ने ऑनलाइन की शुरुआत

Jharkhand News विकास भारती बिशुनपुर के रांची कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्‍यपाल ने कहा कि किसानों को उनकी फसल एवं उपज का उचित मूल्य मिले ताकि उनकी आय में वृद्धि हो इसके लिए सरकार प्रयत्नशील है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Tue, 12 Jan 2021 09:30 PM (IST)Updated: Tue, 12 Jan 2021 09:37 PM (IST)
झारखंड के 96 आत्‍मनिर्भर किसानों को किया गया सम्‍मानित, राज्‍यपाल ने ऑनलाइन की शुरुआत
विकास भारती में किसान को सम्‍मानित करते अशोक भगत।

रांची, जासं। विकास भारती बिशुनपुर के 38वें स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा झारखंड राज्य के सभी जिलों में आत्मनिर्भर भारत के तहत 3800 स्वावलंबी किसानों को सम्मानित किया जाना है। इस सम्मान समारोह की शुरुआत आज राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने विवेकानंद जयंती पर ऑनलाइन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी केवल महान संत ही नहीं थे, बल्कि वे एक महान देशभक्त, युगद्रष्टा, विचारक, वक्ता, लेखक और मानव-कल्याण के प्रेमी थे। वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रेरणास्रोत भी रहे।

loksabha election banner

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मुझे खुशी है कि पद्मश्री अशोक भगत जैसे समाजसेवी व्यक्ति हमारे राज्य में हैं। ये लोक-कल्याण हेतु सतत् प्रयासरत रहते हैं। उनके मार्गदर्शन में विकास भारती द्वारा सुदूरवर्ती पिछड़े ग्रामीण इलाकों में शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, जल प्रबंधन, पर्यावरण, स्वच्छता आदि की दिशा में बेहतर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए उन्हें तथा उनकी संस्था को बधाई देना चाहूंगी।

उन्होंने कहा कि विकास भारती द्वारा प्रगतिशील आत्मनिर्भर किसानों को सम्मानित करने की पहल से जहां एक ओर किसान भाइयों-बहनों के मनोबल में वृद्धि होगी, वहीं दूसरी ओर अन्य किसान भाई/बहन भी इस दिशा में प्रेरित होंगे। किसानों को उनकी फसल एवं उपज का उचित मूल्य मिले, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो, इस हेतु सरकार प्रयत्नशील है। किसानों की आय में वृद्धि लाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम एवं योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में इस अवसर पर 96 स्वावलंबी किसानों को विकास भारती बिशुनपुर के रांची कार्यालय आरोग्य भवन-1 में सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में रांची जिले के कांके, बुंडू, ओरमांझी, नामकुम, अनगड़ा, रातू, बुड़मू, खेलारी, चान्हो, मांडर से आए सभी किसानों को शाॅल व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वावलंबी किसानों का स्वागत संस्थान के सचिव अशोक भगत ने किया।

उन्होंने कहा कि किसान समाज की रीढ़ हैं। किसानों के बिना समाज तथा देश कभी भी आगे नहीं बढ़ सकता है। देश को प्रशस्‍त करने का कार्य किसान ही करते हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विकास भारती के उपाध्यक्ष डाॅ. अजय सिंह, खाद्य आयोग की सदस्या रंजना चौधरी, गुमला के पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव, एकल विद्यालय के ललन शर्मा के अलावा अन्य कई गणमान्य उपस्थित थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.