Jharkhand Assembly: सात को चुने जाएंगे स्पीकर, स्टीफन, सरफराज व मथुरा पर नजर
Jharkhand Assembly छह जनवरी से पांचवी विधानसभा का पहला सत्र आरंभ होगा। राज्य सरकार 2019-2020 का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करेगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly झारखंड विधानसभा के नए अध्यक्ष के चयन पर सत्तापक्ष में माथापच्ची शुरू हो चुकी है। अध्यक्ष का चयन सर्वसम्मति से कराने का प्रयास किया जाएगा। नए विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन सात जनवरी को होगा। फिलहाल विधायकों का शपथ ग्रहण कराने के लिए बतौर प्रोटेम स्पीकर प्रो. स्टीफन मरांडी का चयन किया गया है। मरांडी को विधायी कार्यों का पुराना अनुभव है। संभव है कि उनका नाम विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर आगे किया जाए।
उनके अलावा गांडेय से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक सरफराज अहमद का नाम भी लिया जा रहा है। सरफराज अहमद लंबे अरसे तक कांग्रेस में रहे हैैं। उनका अविभाजित बिहार में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद पर कार्य का अनुभव है। हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की है। इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा के टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी सत्तापक्ष की पसंद हो सकते हैैं। मथुरा प्रसाद महतो पूर्ववर्ती हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री के पद पर रह चुके हैैं।
उधर पांचवीं विधानसभा के पहले सत्र को लेकर तैयारी आरंभ हो गई है। सत्र छह जनवरी से आरंभ होगा। पहले दिन विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ और शोक प्रकट किया जाएगा होगा। सात जनवरी को झारखंड विधानसभा की प्रक्रिया और कार्य संचालन नियमावली के तहत अध्यक्ष का निर्वाचन होगा। इसके तत्काल बाद राज्यपाल का अभिभाषण होगा।
इसके बाद वित्तीय वर्ष 2019-2020 का दूसरा अनुपूरक बजट पेश होगा। अगले दिन यानी आठ जनवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद-विवाद, सरकार का उत्तर और मतदान होगा। इसी दिन दूसरे अनुपूरक बजट पर चर्चा, मतदान समेत पारित करने की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
यह भी पढ़ें-Jharkhand Weather Update: नए साल के जश्न पर मौसम ने फेरा पानी, बढ़ गई ठंड