टोक्यो ओलंपिक के लिए झारखंड की निक्की प्रधान व सलीमा टेटे भारतीय महिला हाॅकी टीम में शामिल
Indian Womens Hockey Team Tokyo Olympics Jharkhand News झारखंड के खूंटी व सिमडेगा की रहने वाली निक्की प्रधान व सलीमा टेटे टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय महिला हाॅकी टीम में शामिल की गई हैं। निक्की दूसरी बार ओलंपिक में जाएंगी।
रांची, जासं। झारखंड की लड़कियां टोक्यो ओलंपिक में खेलने जाएंगी। खूंटी जिले की रहने वाली निक्की प्रधान व सिमडेगा की सलीमा टेटे का चयन भारतीय महिला हाॅकी टीम में हुआ है। यह पहला मौका है जब झारखंड की दो हाॅकी खिलाड़ी एक ही ओलंपिक में भाग लेंगी। हाॅकी इंडिया ने आज ही 16 सदस्यीय महिला हाॅकी टीम की घोषणा की है। इसमें झारखंड की निक्की प्रधान डिफेंडर जबकि सलीमा का चयन मिडफिल्डर के तौर पर किया गया है। इससे पहले पुरुष या महिला हाॅकी टीम में कभी भी झारखंड के दो खिलाड़ी भारतीय ओलंपिक टीम का हिस्सा नहीं बन पाए हैं।
दो ओलंपिक खेलनेवाली दूसरी महिला खिलाड़ी बनेंगी निक्की प्रधान
भारतीय हाॅकी टीम में जगह बनाते ही निक्की प्रधान ने एक रिकाॅर्ड बना दिया है। निक्की झारखंड की सिर्फ दूसरी महिला खिलाड़ी बन गई हैं जिन्होंने दो ओलंपिक खेलने का गौरव प्राप्त किया है। इससे पहले का रिकाॅर्ड तीरंदाज दीपिका के नाम था जो इस बार तीसरी बार ओलंपिक का हिस्सा बनेंगी।