Jharkhand: गढ़वा में मिठाई का लालच देकर छह वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार
Jharkhand Garhwa News झारखंड के गढ़वा जिले में एक छह वर्ष की बच्ची के साथ मिठाई का लालच देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके उपर आईपीसी एवं पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
चिनियां (गढ़वा), संसू। Jharkhand, Garhwa News झारखंड के गढ़वा जिले के चिनियां थाना क्षेत्र के गांव में एक छह वर्षीय बच्ची के साथ शादीशुदा युवक द्वारा दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार की शाम की बताई जा रही है। पीड़ित के पिता से प्राप्त आवेदन के आलोक में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दी है। वहीं पीड़िता का सदर अस्पताल में इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है। बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मिठाई का लालच देकर किया दुष्कर्म
जानकारी के अनुसार, आरोपित पारस सिंह, पिता रामजी सिंह उर्फ राजकुमार सिंह बरडीहा थाना क्षेत्र के आदर गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि वह दशहरा के दो दिन पहले अपनी बहन के घर चिनियां थाना क्षेत्र के हेताड खुर्द गांव आया था। गुरुवार की शाम गांव से सटे हुए पीड़िता के गांव पहुंचकर पारस सिंह ने घर के बाहर खेल रही छह वर्षीय बच्ची को मिठाई देने के नाम पर बहला फुसलाकर घर से करीब दो मीटर दूरी पर झाड़ी में ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
बच्ची को बेहोशी हालत में छोड़ दिया आरोपित
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्ची के घर में कोई नहीं था। आरोपित ने घटना के बाद बेहोशी की हालत में बच्ची को घर लाकर छोड़ दिया। बच्ची ने पिता के घर आने पर सारी बात बताई। इसके बाद उसके पिता ने घटना की जानकारी चिनियां थाना को दिया।
आरोपित गिरफ्तार, आईपीसी एवं पोक्सो एक्ट का मामला दर्ज
पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार झा से मिले निर्देश पर थाना प्रभारी वीरेंद्र हांसदा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपित पारस सिंह ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। जिसे आईपीसी एवं पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में दिया गया।