झारखंड सरकार को नहीं मिल रहे डॉक्टर्स, दक्षिण भारत से 1200 चिकित्सक लाने के लिए बनाई विशेष टीमें
स्वास्थ्य विभाग ने झारखंड में 1,200 डॉक्टरों की कमी पूरी करने के लिए दक्षिण भारत से चिकित्सकों की भर्ती की ...और पढ़ें

बिड के माध्यम से नियुक्त किए जा रहे 506 चिकित्सक।
HighLights
झारखंड में 1,200 चिकित्सकों की अनुबंध पर नियुक्ति का लक्ष्य।
दक्षिण भारत के राज्यों से डॉक्टरों की भर्ती हेतु दो टीमें गठित।
स्वास्थ्य मंत्री ने शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य के सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए दक्षिण भारत के राज्यों से चिकित्सक बहाल करने की तैयारी है। 1,200 चिकित्सकों की अनुबंध पर नियुक्ति इन राज्यों से करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने चेन्नई, केरल, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों से चिकित्सकों को झारखंड लाने के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं।
पहली टीम का नेतृत्व स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा करेंगी, जिसमें संयुक्त सचिव ललित शुक्ला शामिल रहेंगे। दूसरी टीम का नेतृत्व राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड के अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा करेंगे।
इन टीमों के माध्यम से चिकित्सकों की उपलब्धता, नियुक्ति की संभावनाओं और उन्हें झारखंड में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर काम किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह तथा अभियान निदेशक ने टीम गठित करने की जानकारी शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को दी।
साथ ही बिड के माध्यम से 306 सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों और 200 चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी मंत्री ने नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने चिकित्सकों और पारा मेडिकल कर्मियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार पर जोर देते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मियों की संभावित हड़ताल पर बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने पर जोर देते हुए कर्मियों से अपील की कि वे हड़ताल से बचें, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को परेशानी न हो।
15 अक्टूबर को होगी रिम्स शासी निकाय की बैठक
राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की शासी निकाय की बैठक 15 अक्टूबर को होगी। पहले यह बैठक शुक्रवार को प्रस्तावित थी, जो स्थगित हो गई थी।
