विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Election News: जोरों पर नतीजों की तैयारी, अब रिजल्ट की बारी; 4 जून को सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना

Published: Sun, 02 Jun 2024 11:45 PM (IST)

झारखंड में सभी 14 संसदीय सीटों पर चुनाव संपन्न होने के बाद अब नतीजा आने की बारी है। सभी संसदीय ...और पढ़ें

किसे मिलेगी जीत और किसकी होगी हार, 4 जून को होगा फैसला
किसे मिलेगी जीत और किसकी होगी हार, 4 जून को होगा फैसला

HighLights

  1. सभी 14 संसदीय क्षेत्रों में सुबह आठ बजे से होगी मतों की गणना
  2. कुल 244 उम्मीदवारों को पड़े वोटों का सामने आएगा नतीजा
  3. शाम चार बजे तक झारखंड में सभी सीटों पर आ जाएगा नतीजा

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में सभी 14 संसदीय सीटों पर चुनाव संपन्न होने के बाद अब नतीजा आने की बारी है। सभी संसदीय क्षेत्रों में मतगणना की तैयारियां जोरों पर है। सभी संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में चार जून को सुबह आठ बजे से मतों की गणना शुरू होगी। शाम चार बजे तक सभी सीटों पर नतीजा सामने आ जाएगा।

मतदान के बाद सभी ईवीएम स्क्रूटनी के बाद पहले ही स्ट्रांग रूम में सील कर दी गई हैं। सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा की त्रिस्तरीय व्यवस्था की गई है।

शाम चार बजे तक पूरी होगी मतगणना

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, चार जून को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। नियमित अंतराल पर हर राउंड के नतीजे की घोषणा होती रहेगी। उन्होंने बताया कि संभावना है कि शाम चार बजे तक मतगणना पूरी हो जाएगी।

ऑनलाइन देखे जा सकेंगे नतीजे

नतीजे ऑनलाइन भी देखे जा सकते हैं। बताते चलें कि झारखंड के सभी 14 संसदीय सीटों पर कुल 244 सियासी योद्धा चुनाव मैदान में थे। इनमें 212 पुरुष तथा 31 महिला उम्मीदवार सम्मिलित हैं। पहली बार एक ट्रांसजेंडर भी चुनाव मैदान में थी।

इनमें से किनके सिर पर जीत का ताज सजेगा, किनकी हार और जमानत जब्त होगी, चार जून को शाम चार बजे तक स्पष्ट हो जाएगा। इस बार उम्मीदवारों की संख्या पिछले दो चुनावों से अधिक थी। पिछले दो लोकसभा चुनावों वर्ष 2014 तथा 2019 में उम्मीदवारों की संख्या क्रमश: 240 और 229 ही थी।

चुनाव के दौरान छह कर्मियों की मौत

इस लोकसभा चुनाव के दौरान कुल छह कर्मियों की मौत विभिन्न कारणों से हुई। इनमें तीन पुलिसकर्मी, दो चालक तथा एक चुनावकर्मी सम्मिलित हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, सभी के परिजनों को नियमानुसार अनुग्रह अनुदान का लाभ मिलेगा।

135.29 करोड़ की नकदी व अवैध सामग्री जब्त

आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अबतक झारखंड में 135.29 करोड़ रुपये की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गई है। सातवें चरण के मतदान के दिन एक जून को भी 34.19 लाख रुपये की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गई है।

ये भी पढे़ं-

Jharkhand Exit Poll 2024: 'ये दिल मांगे मोर', झारखंड के एग्जिट पोल के नतीजे से गदगद हुई BJP

Dhanbad News: मतगणना के दिन शांति-सुरक्षा को लेकर की गई ये व्यवस्था, 29 मजिस्ट्रेट किए गए प्रतिनियुक्त