विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड ड्रग्स नेटवर्क मामला: थाईलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका के नंबरों से जुड़े थे तस्करों के तार, NCB की जांच में बड़ा खुलासा

By Dilip kumarEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Wed, 21 Oct 2026 08:56 PM (IST)Updated: Wed, 21 Oct 2026 09:18 PM (IST)

एनसीबी की जांच में झारखंड के ड्रग्स नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय तार सामने आए हैं, जिसमें थाईलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया गया था।

कार्रवाई के बाद राज्य के हाई-प्रोफाइल ड्रग्स नेटवर्क और इसके अंतरराष्ट्रीय संबंधों की परतें खुलने लगी हैं।

कार्रवाई के बाद राज्य के हाई-प्रोफाइल ड्रग्स नेटवर्क और इसके अंतरराष्ट्रीय संबंधों की परतें खुलने लगी हैं।

HighLights

  1. एनसीबी ने झारखंड ड्रग्स नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय तार उजागर किए।

  2. थाईलैंड, ब्रिटेन, अमेरिका के नंबरों का उपयोग कर रहे थे तस्कर।

  3. कथित सरगना जिम्मी समेत छह लोग गिरफ्तार, जांच जारी।

जाटी, रांची/जमशेदपुर। झारखंड में मादक पदार्थों और सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। 
 
इस बहुचर्चित मामले में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। एनसीबी की अब तक की जांच में पता चला है कि इस ड्रग्स नेटवर्क के तार सीधे तौर पर विदेशों से जुड़े हुए थे। 
 
कथित सरगना जिम्मी और उसके साथियों द्वारा ड्रग्स की आपूर्ति के लिए थाईलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है, जिसने जांच एजेंसियों के भी होश उड़ा दिए हैं।
 

विदेशी नंबरों और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की पड़ताल 

एनसीबी की प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य सरगना जिम्मी पर कोकीन और सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध कारोबार में विदेशी मोबाइल नंबरों का धड़ल्ले से उपयोग करने का गंभीर आरोप है। 
 
इनमें मुख्य रूप से थाईलैंड, ब्रिटेन और अमेरिका के नंबर शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी अब इस अहम बिंदु पर गहराई से छानबीन कर रही है कि इन अंतरराष्ट्रीय नंबरों के जरिए किन-किन विदेशी या स्थानीय तस्करों से संपर्क साधा जाता था और नशीले पदार्थों की इस चैन में किसकी क्या भूमिका थी।
 

जमशेदपुर और रांची में ताबड़तोड़ दबिश 

इससे पहले एनसीबी ने जमशेदपुर और रांची में संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशे के इस कारोबार से जुड़े कथित सरगना जिम्मी समेत कुल छह लोगों को दबोचा था। 
 
गिरफ्तार आरोपितों में एक युवती भी शामिल है, जिस पर ड्रग्स की आपूर्ति करने का मुख्य आरोप है। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, जमशेदपुर के जुगसलाई और बिष्टुपुर जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के आसपास मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद यह बड़ी छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के बाद से ड्रग्स पैडलर्स और इस धंधे से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
 

होटल, बार और स्थानीय ठिकाने जांच के घेरे में 

इस हाई-प्रोपाइल मामले की जांच का दायरा अब झारखंड के कई नामी होटलों और बारों तक पहुंच गया है। एनसीबी को आशंका है कि इन रसूखदार ठिकानों पर भी कोकीन और अन्य सिंथेटिक ड्रग्स की नियमित आपूर्ति की जाती थी। 
 
एजेंसी अब न केवल ड्रग्स सप्लाई करने वालों, बल्कि इसके संभावित खरीदारों की पहचान करने में भी जुटी है। गिरफ्तार आरोपितों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीले पदार्थों की यह खेप मुख्य रूप से कहां से मंगाई जाती थी।
 
इस पूरे सिंडिकेट को परोक्ष या अपरोक्ष रूप से कौन संरक्षण दे रहा था। एनसीबी की इस कड़ी कार्रवाई से आने वाले दिनों में और भी कई बड़े खुलासे होने की पूरी संभावना है।