झारखंड में अपराधियों का दुस्साहस देखिए, महिला सिपाही की लूट ले गए बाइक
Jharkhand Crime News झारखंड के लोहरदगा जिले में ज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर महिला कांस्टेबल और उसके बेटे से मोटरसाइकिल लूट ली। अपराधी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम सभी संभावित क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है।
लोहरदगा, जासं। Jharkhand Crime News लोहरदगा-रांची मुख्य पथ में लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के एनएच 75 में कोकर के समीप बुधवार रात अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर महिला कांस्टेबल और उसके बेटे से मोटरसाइकिल लूट ली। महिला कांस्टेबल पलामू में प्रतिनियुक्त है। महिला कांस्टेबल के बारे में पुलिस को भी पूरी सूचना नहीं मिल पाई है। कुडू थाना पुलिस ने प्रारंभिक सूचना के आधार पर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
लूट की सूचना मिलने के बाद कुडू थाना पुलिस के साथ-साथ सीमावर्ती रांची जिले के चान्हों थाना पुलिस भी छापेमारी अभियान चलाते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी में जुट गई है। हालांकि इस मामले में पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।
नई मोटरसाइकिल लूट, फरार हो गया अपराधी
बताया जाता है कि पलामू में प्रतिनियुक्त महिला कांस्टेबल अपने बेटे के साथ रांची से नई मोटरसाइकिल खरीदकर कुडू के रास्ते पलामू लौट रही थी। इसी दौरान एनएच 75 में कुडू थाना क्षेत्र के कोकर के समीप तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर महिला कांस्टेबल और उसके बेटे को रोका और अंधेरे में ले जाकर मोटरसाइकिल लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी रांची की ओर फरार हो गए।
पुलिस की छापेमारी जारी
जिसके बाद महिला कांस्टेबल ने इस मामले की सूचना कुडू थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुडू थाना प्रभारी अभिनव कुमार सहित चान्हों थाना पुलिस भी अपराधियों की धर-पकड़ में जुट गई है। पुलिस की टीम सभी संभावित क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है।