Jharkhand Crime: हथियार बंद अपराधियों ने झामुमो नेता से की लूटपाट, पुलिस पर फायरिंग, एक गिरफ्तार
Jharkhand Crime News झारखंड के लातेहार जिला में गुरूवार की रात हथियार बंद अपराधियों ने झामुमो नेता से की लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग भी की। पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छानबीन जारी है।
चंदवा (लातेहार), जासं। Jharkhand Crime News झारखंड के लातेहार जिला के चंदवा थाना क्षेत्र में गुरूवार की रात अपराधियों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना को रांची मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर कठपुलिया के पास अंजाम दिया गया। बताया गया कि गढ़वा के झामुमो जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय के साथ भी लूटपाट की गई है।
हथियार बंद अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, तीन-चार की संख्या में हथियार बंद अपराधियों ने घटना को अंजाम देते हुए कई वाहनों में तोड़फोड़ की। लूट पाट के क्रम में अपराधियों द्वारा कई लोगों के साथ मारपीट भी की गई है। इस क्रम में जिसके पास जितना राशि था, अपराधियों ने लूट ली।
अपराधियों ने पुलिस पर की फायरिंग
बताया गया कि, घटना की सूचना के बाद घटनास्थल पहुंची चंदवा थाना पुलिस पर अपराधियों ने फायरिंग की।फायरिंग के बाद मोर्चा संभालते हुए चंदवा थाना पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस को भारी पड़ता देख अपराधी भागने लगे, इसी क्रम में पुलिस द्वारा एक अपराधी को खदेड़कर पकड़े जाने की सूचना है।
अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छानबीन जारी
घटना के बाद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा की अगुवाई में चंदवा पुलिस की टीम अपराधियों की धरपकड़ को लेकर अभियान तेज कर दिया है। बाकी अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस छानबीन में जुट गई है।
लगभग डेढ़ लाख रुपए की हुई लूट
मिली जानकारी के अनुसार, इस लूटपाट की घटना में लगभग डेढ़ लाख रुपए लूटे जाने का कयास लगाया जा रहा है। इस घटना में गढ़वा के झामुमो जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय भी लूट का शिकार हुए। वहीं कई वाहनों के शीशे भी अपराधियों ने क्षतिग्रस्त कर दिए हैं।