Jharkhand Coronavirus Update : झारखंड में आज कोरोना संक्रमण से 2 की मौत, 647 नए मामले मिले
Jharkhand Coronavirus Update झारखंड में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार घट रहे हैं। हालांकि बुधवार को झारखंड में बीते दो दिनों से अधिक नए मरीज मिले हैं। लेकिन इसकी वजह जांच बढ़ाया जाना रहा। इधर झारखंड में कोरोना संक्रमण से मौत के मामले अब भी नही थम रहे हैं।
रांची (राज्य ब्यूरो) । झारखंड में हाल के दिनों में चार सौ से साढ़े पांच सौ के बीच ही नए कोरोना संक्रमित मिल रहे थे, लेकिन बुधवार को जांच की रफ्तार बढ़ाने से एक दिन में मिलनेवाले मरीजों की संक्रमितों की भी संख्या बढ़ गई। बुधवार को कुल 56,226 सैंपल की जांच हुई, जिनमें 647 की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई। इससे पहले, मंगलवार को 30,875 सैंपल की ही जांच हुई थी, जिसमें 542 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हाल के दिनों में 25 हजार से 30 हजार के बीच सैंपल की जांच हो रही थी।
बुधवार को एक बार फिर रांची में सबसे अधिक 163 नए कोरोना संक्रमित मिले। इसके बाद पूर्वी सिंहभूम में 97 मामले सामने आए। चतरा को छोड़कर अन्य जिलों में भी कमोबेश नए मरीज मिले हैं। राहत की बात यह है कि राज्य के विभिन्न जिलों में 24 घंटे के भीतर 619 मरीज स्वस्थ भी हुए। वहीं, पूर्वी सिंहभूम तथा रांची के एक-एक मरीज की मौत इलाज के क्रम में हो गई। नए संक्रमित की पहचान होने तथा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने के बाद राज्य में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 6,186 हो गई है। वहीं, कोरोना के कुल मामले बढ़कर अब 98,061 हो गए हैं। हालांकि इनमें से 91,004 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अबतक 871 कोरोना मरीजों की जान गई है। हालांकि इनमें से अधिसंख्य या तो वृद्ध थे या अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।
कहां मिले कितने नए संक्रमित
बुधवार को बोकारो में 61 देवघर में 40, धनबाद में 53, दुमका में चार, पूर्वी सिंहभूम में 97, गढ़वा में सात, गिरिडीह में एक, गोड्डा में छह, गुमला में छह, हजारीबाग में 22, जामताड़ा में 34, खूंटी में छह, कोडरमा में 11, लातेहार में चार, लोहरदगा में 47, पाकुड़ में दो, पलामू में नौ, रामगढ़ में 10, रांची में 163, साहिबगंज में सात, सरायकेला खरसावां में 17, सिमडेगा में नौ तथा प. सिंहभूम में 31 नए संक्रमित की पहचान हुई।
बुधवार को कहां कितने मरीज हुए स्वस्थ
बुधवार को राज्य में 619 मरीज स्वस्थ भी हुए। इनमें बोकारो के 88, देवघर के 16, धनबाद के सात, दुमका के तीन, पूर्वी सिंहभूम के 46, गढ़वा के पांच, गोड्डा के 12, गुमला के 15, हजारीबाग के 21, जामताड़ा के तीन, खूंटी के 44, कोडरमा के चार, लातेहार के 20, पाकुड़ के तीन, पलामू के 18, रामगढ़ के 33, रांची में 225, साहिबगंज के दो, सरायकेला खरसावां के 13, सिमडेगा के 17 तथा प. सिंहभूम के 24 मरीज शामिल हैं।