Coronavirus Update: हाई कोर्ट के पीए सेक्शन इंचार्ज कोरोना पॉजिटिव, एक डीएसपी समेत 96 पुलिसवाले भी संक्रमित
Jharkhand Coronavirus News Update. आज हाई कोर्ट में 50 कर्मियों का सैंपल लिए जाने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही हाई कोर्ट के पूरे परिसर को सैनिटाइज किया जा रहा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच पुलिसवाले और अधिकारी वर्ग के लोग भी संक्रमित होते जा रहे हैं। झारखंड हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश के सचिव सह पीए सेक्शन के इंचार्ज अरुण वर्मा कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पहले उनका सैंपल लिया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से आज और कल हाई कोर्ट के सभी कार्यालय के कामों को निलंबित कर दिया गया है। आज भी हाई कोर्ट में 50 कर्मियों के सैंपल लिए जाने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके साथ ही हाई कोर्ट के पूरे परिसर को सैनिटाइज किया जा रहा है।
इधर, राज्य में पुलिस वाले भी लगातार कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं। कल बुधवार तक राज्य में कुल 96 पुलिस पदाधिकारी/कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें पुलिस उपाधीक्षक स्तर के 01 पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक स्तर के 02 पदाधिकारी, पुलिस अवर निरीक्षक स्तर के 06 पदाधिकारी, सहायक अवर निरीक्षक के स्तर के 19 पदाधिकारी, हवलदार-11, आरक्षी/चालक-47, चतुर्थवर्गीय कर्मचारी-03 एवं गृहरक्षक-07, (कुल-96) संक्रमित हैं। इसके अतिरिक्त 05 पुलिस पदाधिकारी/कर्मी स्वस्थ हो चुके हैं।