Jharkhand Coronavirus News: झारखंड हाई कोर्ट में फैला कोरोना, 4 और संक्रमित; 179 पुलिसवाले भी पाॅजिटिव
Jharkhand Coronavirus News. इससे पहले पीए सेक्शन के इंचार्ज कोरोना संक्रमित पाए गए थे। संभावना जताई जा रही है कि ये लोग इंचार्ज के संपर्क में आए थे।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Coronavirus News झारखंड में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है। आम से लेकर खास तक यह महामारी बढ़ती जा रही है। झारखंड हाई कोर्ट में कोरोना तो पहले ही पहुंच गया था, अब यहां भी यह संक्रमण बढ़ता जा रहा है। हाई कोर्ट के कोर्ट मास्टर, पीए और एक अर्दली की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। अब तक हाई कोर्ट में पांच लोग कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इससे पहले पीए सेक्शन के इंचार्ज कोरोना संक्रमित पाए गए थे। संभावना जताई जा रही है कि ये लोग इंचार्ज के संपर्क में आए थे। इसके बाद इन्हें भी कोरोना वायरस हो गया है।
इधर पुलिस महकमे में भी कोरोना तेजी से फैलता जा रहा है। कल शुक्रवार तक राज्य में कुल 179 पुलिस पदाधिकारी/कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। इनमें पुलिस उपाधीक्षक स्तर के 01 पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक स्तर के 07 पदाधिकारी, पुलिस अवर निरीक्षक स्तर के 18 पदाधिकारी, सहायक अवर निरीक्षक के स्तर के 29 पदाधिकारी, आशु सहायक अवर निरीक्षक स्तर के 01 पदाधिकारी, हवलदार- 20, आरक्षी/चालक-82, चतुर्थवर्गीय कर्मचारी-06 एवं गृहरक्षक-08, (कुल-172) संक्रमित हैं। इसके अतिरिक्त 07 पुलिस पदाधिकारी/कर्मी स्वस्थ हो चुके हैं।
बता दें कि पूरे राज्य में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 5 हजार से ज्यादा हो गया है। कल शुक्रवार को 291 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही झारखंड में अब कोरोना के 5096 केस हो गए हैं। इसमें अब तक 51 लोगों की मौत हो गई है जबकि 2577 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अभी कोरोना के 2469 मामले सक्रिय हैं।
लगातार घट रही स्वस्थ होने की दर
चिंता की बात यह है कि राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर लगातार घट रही है। ऐसा अधिक संख्या में मरीजों के मिलने से हो रहा है। राज्य में यह दर घटकर 50.56 फीसद हो गई है। बता दें कि जून माह के अंत में यह दर बढ़कर लगभग 75 फीसद हो गई थी। राहत की बात यह है कि हाल के दिनों में कई मौत होने के बाद भी झारखंड में मृत्यु दर देश में होनेवाली मौत की दर से कम है। झारखंड में यह दर 0.90 फीसद है जबकि देश में 2.62 फीसद है।
यह भी पढ़ें: Jharkhand Coronavirus News: झारखंड में आज मिले 53 कोरोना मरीज, जानें ताजा हाल
यह भी पढ़ें: मुझे अपनी बेटी को जिंदा रखना है... मृत्यु के बाद भी उसकी आंखों में झांक सकूंगी